Axiom-4 ऐतिहासिक निजी अंतरिक्ष मिशन आज बुधवार को अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च होने जा रहा है। यह मिशन अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के लिए रवाना होगा और इसमें भारत, हंगरी और पोलैंड जैसे देशों के अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं। इस मिशन को Axiom Space ने NASA और स्पेस-एक्स के सहयोग से संचालित किया जा रहा है, जो निजी और वैश्विक अंतरिक्ष अभियानों की दिशा में एक बड़ा कदम है। Ax-4 मिशन को आज भारतीय समयानुसार दोपहर 12:01 बजे (स्थानीय समय अनुसार 2:31 AM EDT) स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट की मदद से लॉन्च किया जाएगा। यह रॉकेट SpaceX के ड्रैगन अंतरिक्ष यान को लेकर उड़ान भरेगा जिसमें चार अंतरिक्ष यात्री सवार होंगे। यह अंतरिक्ष यान गुरुवार, 26 जून को भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे (सुबह 7:00 AM EDT) अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ जाएगा।
Axiom-4 मिशन के लिए पायलट की भूमिका निभाएंगे भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला
इस मिशन की खास बात यह है कि इसमें भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला शामिल हैं, जो मिशन के पायलट की भूमिका निभाएंगे। उनके साथ अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA की अनुभवी अंतरिक्ष यात्री पेगी व्हिटसन, यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ESA) के पोलिश अंतरिक्ष यात्री स्लावोश उज्नांस्की-विस्नेव्स्की और हंगरी के तिबोर कपु भी इस मिशन का हिस्सा हैं।
वहीं SpaceX ने लॉन्च से पहले सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “बुधवार को @Axiom_Space के Ax-4 मिशन के लॉन्च के लिए सभी सिस्टम सही स्थिति में हैं और मौसम 90% अनुकूल है। वेबकास्ट रात 12:30 बजे (IST) से शुरू होगा।” इससे पहले मंगलवार को NASA ने अपने एक्स हैंडल से लॉन्च की अंतिम समय-सारणी की पुष्टि करते हुए कहा, “हम @Axiom_Space और @SpaceX के साथ मिलकर बुधवार, 25 जून को #Ax4 को @Space_Station पर भेजने का लक्ष्य बना रहे हैं। चार सदस्यीय दल में @ESA और @ISRO के अंतरिक्ष यात्री भी शामिल हैं।” गौरतलब है कि Ax-4 मिशन को लॉन्च से पहले कई बार टालना पड़ा। पहले खराब मौसम के कारण देरी हुई और फिर फाल्कन 9 रॉकेट में लीक जैसे तकनीकी समस्याएं सामने आईं। लेकिन सभी समस्याओं की गहन समीक्षा और समाधान के बाद अब लॉन्च के लिए हरी झंडी दे दी गई है।-(IANS)


