उच्च गुणवत्ता वाले बीज आलू का उत्पादन एवं वितरण करने के लिए बनास डेयरी (Banas Dairy) और भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड (BBSSL) के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह साझेदारी आलू की खेती के सम्बन्ध में “बीज से बाजार तक” एक व्यापक मूल्य शृंखला बनाने का लक्ष्य रखती है।
इसका मकसद प्रमाणित और रोग-मुक्त बीज आलू का उत्पादन करना, साथ ही वैज्ञानिक खेती के तरीके, अनुबंध खेती और बेहतर बाजार जुड़ाव को बढ़ावा देना है। तकनीकी सुधार और सहकारी प्रयासों को मिलाकर, यह पहल खेती की पैदावार बढ़ाने, लागत और नुकसान घटाने तथा आलू उगाने वाले किसानों की आमदनी और स्थिरता को मजबूत करने की दिशा में सहायक होगी ।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सहकार से समृद्धि” के विज़न को साकार करने की दिशा में माननीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकारी संस्थाओं के बीच सहयोग और सांझेदारी के कई प्रकल्पों को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है।
यह समझौता 10 नवंबर, 2025 को नई दिल्ली के अटल अक्षय ऊर्जा भवन में भारत सरकार के सहकारिता सचिव डॉ. आशीष कुमार भूटानी तथा वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ, जिसमें बनास डेयरी के प्रबंध निदेशक संग्राम चौधरी और BBSSL के प्रबंध निदेशक चेतन जोशी भी उपस्थित थे।
समझौते के तहत, BBSSL बनास डेयरी की टिश्यू कल्चर और एरोपोनिक सुविधाओं का उपयोग करेगी, जबकि बनास डेयरी तकनीकी और मार्केटिंग सहयोग प्रदान करेगी। (इनपुट-पीआईबी)


