बाराबंकी में 542 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, योगी ने विकास और विरासत पर गिनाईं उपलब्धियां

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बाराबंकी में 542 करोड़ रुपए से अधिक लागत की 82 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस, पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सनातन, सांस्कृतिक विरासत, कानून-व्यवस्था, धार्मिक स्थलों के विकास और रक्षा उत्पादन जैसे मुद्दों पर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान उन्होंने भगवान लोधेश्वर महादेव मंदिर कॉरिडोर के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत किए जाने की भी घोषणा की।

लोधेश्वर महादेव मंदिर कॉरिडोर की घोषणा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भगवान लोधेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर उन्हें आत्मिक आनंद की अनुभूति हुई। उन्होंने कहा कि बाराबंकी की पहचान भगवान लोधेश्वर महादेव, पारिजात वृक्ष और हॉकी के दिग्गज केडी सिंह बाबू जैसी ऐतिहासिक धरोहरों से है, लेकिन लंबे समय तक इनकी उपेक्षा की गई। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने भगवान लोधेश्वर महादेव मंदिर के भव्य कॉरिडोर के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

केडी सिंह बाबू और पारिजात वृक्ष का किया जिक्र

सीएम योगी ने पूर्व ओलंपियन और हॉकी खिलाड़ी केडी सिंह बाबू का उल्लेख करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान उनकी हवेली बिकने की नौबत आ गई थी। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने हवेली को बिकने से बचाया और अब उनकी स्मृतियों को संरक्षित करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पारिजात वृक्ष के संरक्षण को सरकार प्राथमिकता दे रही है।

महापुरुषों की विरासत का किया उल्लेख

योगी आदित्यनाथ ने राजा बलभद्र सिंह, महाराजा लाखन पासी, महाराजा बिजली पासी, महाराजा सुहेलदेव, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोबिंद सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महापुरुषों ने देश, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। उन्होंने कहा कि उनकी विरासत को सहेजना सरकार की जिम्मेदारी है।

सनातन पर दिया बड़ा बयान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “सनातन की सुदृढ़ नींव पर ही भारत का उज्ज्वल भविष्य टिका है। सनातन सुरक्षित रहेगा तो देश सुरक्षित रहेगा। यदि सनातन पर खतरा आएगा तो कोई भी सुरक्षित नहीं रह पाएगा।”

विपक्ष पर तुष्टिकरण का आरोप

सीएम योगी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की बजाय कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल पर अधिक ध्यान दिया गया। उन्होंने दावा किया कि अयोध्या, काशी विश्वनाथ धाम, महादेवा, गोला गोकर्णनाथ, महाराजा सुहेलदेव और बिजली पासी जैसे धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के विकास के लिए पहले पर्याप्त प्रयास नहीं किए गए।

धार्मिक आयोजनों और कानून-व्यवस्था पर सरकार का दावा

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पहले कांवड़ यात्रा, रामनवमी की शोभायात्रा, जन्माष्टमी और दुर्गा पूजा जैसे आयोजनों पर पाबंदियां लगाई जाती थीं, जबकि उनकी सरकार ने सभी पर्व-त्योहारों को सुरक्षा और सम्मान के साथ आयोजित कराने की व्यवस्था की है। कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में अवैध हथियारों का कारोबार, रंगदारी और महिलाओं की सुरक्षा बड़ी चुनौती थी, लेकिन अब उत्तर प्रदेश की पहचान बदल चुकी है।

रक्षा उत्पादन और विकास पर सरकार का जोर

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है और उत्तर प्रदेश देश की रक्षा उत्पादन क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, विरासत, सुरक्षा और सुशासन को साथ लेकर आगे बढ़ रही है तथा इंफ्रास्ट्रक्चर, धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और निवेश के जरिए उत्तर प्रदेश को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने का अभियान जारी रहेगा। (इनपुट: आईएएनएस)