प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को हैदराबाद हाउस में बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर से मुलाकात की। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री वेवर का हैदराबाद हाउस में स्वागत किया। यहीं पर दोनों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को लेकर वार्ता आयोजित की गई।
भारत के विदेश मंत्रालय (एमईए) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। दो तस्वीरें पोस्ट करते हुए बताया कि पीएम मोदी ने बेल्जियम के समकक्ष बार्ट डी वेवर का हैदराबाद हाउस में गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों के बीच भारत-बेल्जियम साझेदारी को और सुदृढ़ करने के लिए अहम वार्ता आयोजित की गई है।
इससे पहले, प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने नई दिल्ली स्थित राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बापू के आदर्शों और शांति, अहिंसा व मानवीय गरिमा के उनके सदाबहार संदेशों को अपनाने का आह्वान किया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर किए पोस्ट में जानकारी साझा करते बताया कि बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने महात्मा गांधी के शांति, अहिंसा और मानव गरिमा के स्थायी संदेश को सम्मान देते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। यह श्रद्धांजलि भारत और बेल्जियम के बीच मौजूद घनिष्ठ मित्रता की उन साझा मूल्यों को भी दर्शाती है, जो दोनों देशों के संबंधों की मजबूत नींव हैं। महात्मा गांधी का जीवन, उनके आदर्श और उनकी विरासत आज भी दुनिया भर के लोगों को प्रेरित करते हैं।”
पीएम मोदी के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री वेवर तीन दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंचे हैं। पिछले साल फरवरी में पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। बेल्जियम के रक्षा मंत्री थियो फ्रेंकेन भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं।
दिल्ली पहुंचने पर विदेश मंत्रालय ने उनका स्वागत किया। विदेश मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत में आपका स्वागत है। बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर का आधिकारिक यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचने पर बहुत गर्मजोशी से स्वागत। रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने उनकी अगवानी की। यह यात्रा घनिष्ठ और बहुआयामी भारत-बेल्जियम साझेदारी को और मजबूत करने का अवसर देती है।” (इनपुट-आईएएनएस)


