बिहार कैबिनेट ने ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ को दी मंजूरी, महिलाओं को मिलेगा रोजगार और आर्थिक मदद

बिहार की नीतीश कुमार सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। आज शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ को मंजूरी दी गई। इस योजना के तहत राज्य के हर परिवार की एक महिला को अपना रोजगार शुरू करने के लिए सरकार की ओर से 10,000 रुपए की प्रारंभिक आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसका मकसद है कि महिलाएं खुद का काम शुरू करें और अपने परिवार की आमदनी बढ़ा सकें।

अधिकारियों ने बताया कि योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होगी और सितंबर से लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे पैसे (DBT) भेजे जाएंगे। योजना के तहत महिला द्वारा शुरू किए गए काम का छह महीने बाद मूल्यांकन किया जाएगा। यदि परिणाम अच्छे रहे तो सरकार उनकी मदद को आगे बढ़ाते हुए 2 लाख रुपए तक की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी देगी।

महिलाओं को अपने बनाए सामान या सेवाओं को बेचने का अवसर देने के लिए राज्य सरकार गांवों, कस्बों और शहरों में हाट-बाजार स्थापित करेगी। इससे उन्हें ग्राहकों तक पहुंचने और अपने रोजगार को आगे बढ़ाने में आसानी होगी। सरकार का मानना है कि यह योजना न केवल महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी बल्कि परिवार की आय बढ़ाएगी, जीवन स्तर में सुधार लाएगी और बिहार से होने वाले पलायन को भी कम करेगी।

वहीं जेडीयू (JD-U) के विधान परिषद सदस्य (MLC) नीरज कुमार ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा, “2005 से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं के लिए कई कदम उठाए हैं, जैसे सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण देना और जीविका समूहों को मजबूत करना। यह नई योजना महिलाओं को और अधिक आत्मनिर्भर बनाएगी।”-(IANS)