बिहार की पिंक बस सेवा को महिलाओं का समर्थन, सुरक्षा और सुविधा की सराहना

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से सहरसा जिले में शुरू की गई पिंक बस सेवा को महिला यात्रियों का सकारात्मक समर्थन मिल रहा है। महिलाओं का कहना है कि इस पहल से उनकी यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक हो गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में इस सेवा का विस्तार अन्य मार्गों तक भी किया जाएगा।

सहरसा से मुरादपुर तक चल रही है पिंक बस

फिलहाल सहरसा जिले को एक पिंक बस उपलब्ध कराई गई है। यह बस सहरसा से रहुआ, बाड़ा और नवहट्टा होते हुए मुरादपुर तक संचालित की जा रही है। बस प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे सहरसा से रवाना होती है और शाम करीब 4 बजे नवहट्टा से वापस सहरसा लौटती है। बस में 24 सीटों की व्यवस्था की गई है और महिला यात्रियों की सुविधा के लिए महिला कंडक्टर की तैनाती की गई है।

महिलाओं ने सरकार की पहल की सराहना की

सरकारी शिक्षिका भावना ने बातचीत में कहा कि पिंक बस सेवा महिलाओं के लिए बेहद अच्छी पहल है। उन्होंने कहा कि कामकाजी महिलाओं के लिए समय की पाबंदी महत्वपूर्ण होती है और यह सेवा उन्हें सुरक्षित तरीके से समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में मदद करेगी। उन्होंने इस पहल के लिए राज्य सरकार का आभार भी जताया।

महिला कंडक्टर से बढ़ा सुरक्षा का एहसास

एक अन्य शिक्षिका अनीता ने कहा कि पिंक बस सेवा महिलाओं के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद परिवहन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि बस में महिला कंडक्टर होने से महिला यात्रियों को यात्रा के दौरान अधिक सुरक्षा और सहजता का अनुभव होता है।

पहले झेलनी पड़ती थीं कई परेशानियां

अनीता ने बताया कि पहले उन्हें स्कूल आने-जाने के लिए टेंपो और सामान्य बसों का सहारा लेना पड़ता था। भीड़भाड़ और असुविधा के कारण रोजाना कई समस्याओं का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि पिंक बस सेवा शुरू होने के बाद अब महिला यात्रियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और आरामदायक माहौल मिल रहा है, जिसका लाभ कामकाजी महिलाओं, छात्राओं और अन्य महिला यात्रियों को मिलेगा।

अन्य मार्गों पर भी सेवा शुरू करने की मांग

महिला यात्रियों ने मांग की कि भविष्य में पिंक बसों की संख्या बढ़ाई जाए और जिले के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी इस सेवा का विस्तार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल सके।

सुरक्षित यात्रा के उद्देश्य से शुरू हुई सेवा

बस की महिला कंडक्टर पूजा जायसवाल ने बताया कि राज्य सरकार ने महिलाओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पिंक बस सेवा शुरू की है। उन्होंने कहा कि इस बस में केवल महिला यात्रियों को यात्रा की सुविधा दी जा रही है, जिससे वे बिना किसी झिझक और डर के सफर कर सकें। (इनपुट: आईएएनएस)