मालेगांव ब्लास्ट केस में एनआईए कोर्ट द्वारा सभी आरोपियों को बरी किए जाने के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस फैसले को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला, साथ ही इसे कांग्रेस की सोची-समझी साजिश करार दिया। भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मालेगांव ब्लास्ट मामले में कोर्ट ने स्पष्ट किया कि किसी भी आरोपी के खिलाफ कोई सबूत नहीं था और अभियोग पक्ष अपना केस साबित करने में नाकाम रहा।
‘हिंदू आतंकवाद का झूठा नैरेटिव’
भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि कांग्रेस ने “हिंदू आतंकवाद” का नैरेटिव देश पर जबरन थोपने की कोशिश की, जो कांग्रेस पार्टी का षड्यंत्र था, वह आज धाराशायी हो गया। मैं यह बात बहुत जिम्मेदारी के साथ कहना चाहता हूं कि मालेगांव ब्लास्ट मामले में कोर्ट का जो फैसला आया है, उसमें कहा गया है कि किसी भी आरोपी के खिलाफ कोई सबूत नहीं था। अभियोग पक्ष अपना केस प्रूव नहीं कर सका।”
उन्होंने आगे कहा, “कर्नल पुरोहित जैसे सम्मानित सैन्य अधिकारी, जिन्होंने कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ी, उन्हें फंसाया गया और प्रज्ञा ठाकुर को इस साजिश में फंसाया गया। प्रज्ञा ठाकुर पर आरोप लगाया गया था कि उनकी मोटरसाइकिल से बम लाया गया था। उनको 10-12 दिन तक इतना टॉर्चर किया गया कि बाद में उनका चलना भी मुश्किल हो गया था। यह विशुद्ध वोट बैंक की राजनीति के लिए कांग्रेस की साजिश थी। हम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हैं।”
‘चिदंबरम और शिंदे ने रचा षड्यंत्र’
भाजपा नेता ने पूर्व गृह मंत्रियों पी. चिदंबरम और सुशील कुमार शिंदे पर “भगवा आतंकवाद” का मुद्दा उठाकर देश में विभाजनकारी नैरेटिव चलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “ये कांग्रेस की एक सोची हुई रणनीति थी, वो भी शुद्ध वोटबैंक के लिए। चिदंबरम ने 25 अगस्त, 2010 को पुलिस महानिदेशकों और पुलिस महानिरीक्षकों के वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए ‘भगवा आतंकवाद’ का मुद्दा उठाया था। केंद्रीय गृह मंत्री रहते हुए सुशील कुमार शिंदे ने भी ‘भगवा आतंकवाद’ का जिक्र किया था। आपको यह भी याद होगा कि राहुल गांधी ने कैसे कहा था कि हिंदू आतंकवाद लश्कर-ए-तैयबा से भी ज्यादा खतरनाक है।”
‘गोधरा जांच भी थी पक्षपातपूर्ण’
यही नहीं, रविशंकर प्रसाद ने 2005 के बिहार चुनाव के दौरान गोधरा ट्रेन हादसे की जांच का जिक्र करते हुए कहा कि तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव द्वारा गठित यूसी बनर्जी समिति ने इसे दुर्घटना बताने की कोशिश की थी, जो एक पक्षपातपूर्ण और बिकी हुई रिपोर्ट थी। उन्होंने कहा, “मैंने तब इसे चुनौती दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।”
‘कोर्ट के फैसले का स्वागत’
भाजपा ने मालेगांव ब्लास्ट केस में कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए इसे कांग्रेस के षड्यंत्र के खात्मे के रूप में पेश किया। इसे लेकर भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा, “ये कांग्रेस की एक सोची हुई रणनीति थी, वो भी शुद्ध वोटबैंक के लिए। ये षड्यंत्र धराशायी हुआ, इस पर हमें खुशी भी है और संतोष भी है। (इनपुट-एजेंसी)
31/07/25 | 3:12 pm |
भाजपा ने मालेगांव ब्लास्ट केस को बताया कांग्रेस का षड़यंत्र, कहा- ‘यह उनकी सोची-समझी साजिश थी’


