कैबिनेट ने अरुणाचल प्रदेश में 8,146.21 करोड़ रुपये की तातो-द्वितीय जलविद्युत परियोजना को दी मंजूरी

पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कैबिनेट ने अरुणाचल प्रदेश के शि योमी जिले में तातो-द्वितीय जलविद्युत परियोजना के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना में कुल 8,146.21 करोड़ रुपये की लागत आएगी और इसे पूरा करने में लगभग 72 महीने लगेंगे। यह परियोजना 700 मेगावॉट क्षमता की होगी और हर साल करीब 2,738.06 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन करेगी। इससे अरुणाचल प्रदेश में बिजली आपूर्ति बेहतर होगी और राष्ट्रीय ग्रिड (देश के अलग-अलग बिजली संयंत्रों और उपकेंद्रों को जोड़ने वाली उच्च वोल्टेज प्रणाली) को भी मजबूती मिलेगी।

तातो-द्वितीय परियोजना को नॉर्थ ईस्टर्न इलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NEEPCO) और अरुणाचल प्रदेश सरकार के संयुक्त उद्यम द्वारा बनाया जाएगा। केंद्र सरकार राज्य की हिस्सेदारी के लिए 436.13 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देगी, साथ ही सड़क, पुल और बिजली की पारेषण लाइनों जैसे आधारभूत ढांचे के लिए 458.79 करोड़ रुपये अतिरिक्त बजटीय सहायता दी जाएगी।

अरुणाप्रदेश को इस परियोजना से 12% निशुल्क बिजली और 1% स्थानीय क्षेत्र विकास निधि भी मिलेगी। इससे न सिर्फ बिजली उत्पादन बढ़ेगा बल्कि क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और सामाजिक-आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। परियोजना से 32.88 किलोमीटर नई सड़कें और पुल बनेंगे, जिनका स्थानीय लोग भी उपयोग कर सकेंगे। साथ ही, 20 करोड़ रुपये की विशेष परियोजना निधि से अस्पताल, स्कूल, बाज़ार, खेल के मैदान और अन्य सुविधाएं बनाई जाएंगी। स्थानीय लोगों को मुआवज़ा, रोजगार के अवसर और कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) योजनाओं का भी लाभ मिलेगा।

सरकार का कहना है कि यह परियोजना आत्मनिर्भर भारत अभियान के लक्ष्यों के अनुरूप है और स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं, उद्यमों और एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम) को सीधा और अप्रत्यक्ष रोजगार देने में मदद करेगी।-(PIB)