कनाडा ने कतर को 6-0 से हराया, फीफा विश्व कप में मिली पहली जीत 

फीफा विश्व कप 2026 की सह-मेजबान कनाडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कतर को एकतरफा मुकाबले में 6-0 से हरा दिया। यह कनाडा की फीफा विश्व कप इतिहास की पहली जीत है। मैच के नायक रहे जोनाथन डेविड, जिन्होंने हैट्रिक (तीन गोल) लगाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

मैच की शुरुआत से ही कनाडा ने आक्रामक खेल दिखाया

मैच की शुरुआत से ही कनाडा ने आक्रामक खेल दिखाया। 16वें मिनट में साइल लारिन ने टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। 29वें मिनट में जोनाथन डेविड ने शानदार गोल कर स्कोर 2-0 किया। पहले हाफ के इंजरी टाइम में डेविड ने अपना दूसरा गोल दागा और कनाडा को 3-0 की मजबूत बढ़त के साथ ब्रेक पर भेजा।

दूसरे हाफ की शुरुआत कनाडा के लिए झटके के साथ हुई। मिडफील्डर इस्माइल कोन कतर के असिम मदीबो के टैकल में बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। वीडियो रिव्यू (VAR) के बाद मदीबो को रेड कार्ड दिखाया गया, जिससे कतर 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने को मजबूर हो गया।

इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए कनाडा ने हमला तेज कर दिया। 64वें मिनट में नाथन सलीबा ने गोल कर स्कोर 4-0 किया। इसके कुछ देर बाद जैकब शैफेलबर्ग के शॉट को कतर के डिफेंडर मोहम्मद मनाई ने गलती से अपने ही गोलपोस्ट में डाल दिया, जिससे स्कोर 5-0 हो गया। स्टॉपेज टाइम में जोनाथन डेविड ने हैट्रिक पूरी करते हुए छठा गोल किया और कनाडा को 6-0 की भारी जीत दिलाई। कतर पूरे मैच में कनाडा के मजबूत डिफेंस को भेदने में नाकाम रहा।

इस जीत का असर:

इस शानदार जीत के साथ कनाडा के ग्रुप बी में 4 अंक हो गए हैं। अब नॉकआउट स्टेज में पहुंचने के लिए अगले मैच में स्विट्जरलैंड के खिलाफ ड्रॉ का नतीजा ही कनाडा के लिए काफी होगा। कनाडाई फैंस घरेलू मैदान पर अपनी टीम की ऐतिहासिक जीत का भरपूर जश्न मना रहे हैं। (इनपुट-एजेंसी)