वेनेजुएला की स्थिति पर कनाडा ने सभी पक्षों से संयम बरतने का अनुरोध किया

अमेरिका के हमलों और वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में लिए जाने के बाद कनाडा ने सभी पक्षों से संयम बरतने का अनुरोध किया है। वेनेजुएला की स्थिति पर कनाडा ने कहा कि वह अपने अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ संपर्क में है और घटनाक्रमों पर कड़ी नजर रखे हुए है।

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने एक बयान में कहा, “2019 से हमने मादुरो शासन की किसी भी वैधता को मान्यता देने से इनकार किया है। हमने वेनेजुएला में अपना दूतावास बंद किया और वेनेजुएला के लोगों के दमन का विरोध किया है, जिसमें असहमति रखने वालों का उत्पीड़न और विशेष रूप से शासन का विरोध करने वाले राजनीतिक नेताओं को निशाना बनाना शामिल है।”

उन्होंने कहा, “कानून के शासन और लोकतंत्र को बनाए रखने की हमारी लंबे समय से चली आ रही प्रतिबद्धता के अनुरूप कनाडा वेनेजुएला के लोगों और एक शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक समाज में रहने की उनकी इच्छा के साथ खड़ा है। कनाडा सभी पक्षों से संयम बरतने और अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करने का भी आह्वान करता है।”

विदेश मंत्री अनीता आनंद ने यह भी कहा कि कनाडा अपने अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के साथ बातचीत कर रहा है और घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रख रहा है। उन्होंने कहा, “कनाडा कोलंबिया के बोगोटा स्थित अपने दूतावास और कांसुलर अधिकारियों के माध्यम से जरूरत पड़ने पर वेनेजुएला में मौजूद कनाडाई नागरिकों की सहायता के लिए तैयार है।”

बता दें कि अमेरिका ने शनिवार को वेनेजुएला में एक सैन्य अभियान चलाया। इस दौरान वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लिया।

इस घटनाक्रम के बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने वेनेजुएला में अमेरिका की कार्रवाई के बाद अहम बैठक बुलाई है। संयुक्त राष्ट्र में सोमालिया के स्थायी मिशन की प्रवक्ता खदीजा अहमद ने एक बयान में कहा कि यह बैठक सोमवार सुबह 10 बजे होगी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, सोमालिया जनवरी महीने के लिए सुरक्षा परिषद की रोटेटिंग प्रेसीडेंसी संभाल रहा है। (इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

2 hours ago | 1. US Air Traffic Control System Modernization

अमेरिका में एयरलाइन संकट बरकरार, शनिवार को 2,000 से अधिक उड़ानें रद्द

अमेरिका में शुक्रवार को घंटों तक चले देशव्यापी फ्लाइट ग्राउंड स्टॉप के बाद भी हवाई यातायात साम...

15 hours ago | ASEAN and East Asia Summit

प्रधानमंत्री मोदी का फिलीपींस दौरा 16 नवंबर से, आसियान और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा

फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मो...