कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू ने शुक्रवार को अपनी भारत यात्रा को बेहद उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि ‘टीम कनाडा ट्रेड मिशन’ के दौरान कनाडा और भारत की संस्थाओं के बीच 30 से अधिक व्यावसायिक साझेदारियां हुईं, जिनका कुल मूल्य लगभग 300 मिलियन कनाडाई डॉलर है। सिद्धू ने कहा, “यह बहुत उपयोगी रहा। आपने देखा कि कई साझेदारियों पर हस्ताक्षर हुए हैं। ये साझेदारियां एयरोस्पेस, ऊर्जा, क्लीनटेक, ऑटोमोबाइल और कई अन्य क्षेत्रों में हैं। ट्रेड मिशन का मुख्य उद्देश्य यही होता है– नए अवसर खोलना और यह सुनिश्चित करना कि साझेदारियां बनें।”

पिछले साल बनी गति को आगे बढ़ाने वाला मिशन

सिद्धू ने बताया कि यह मिशन उस गति को और मजबूत कर रहा है, जो मई में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल की कनाडा यात्रा के दौरान बनी थी। उस समय भारत से अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधिमंडल कनाडा गया था। सिद्धू ने गोयल से वादा किया था कि वे वापस आएंगे और इस यात्रा के ठोस परिणाम देखकर उन्हें खुशी हुई। कर्नाटक में ट्रेड मिशन समाप्त करते हुए उन्होंने कहा कि कनाडा इस यात्रा में 150 संगठनों से 300 व्यावसायिक प्रतिनिधियों को लेकर आया था। पूर्व प्रधानमंत्री जीन क्रेतियन के समय के बाद पिछले 30 वर्षों में यह इस तरह का सबसे बड़ा मिशन था। उन्होंने कहा, “मुंबई से लेकर बेंगलुरु तक, हम उस शानदार गति को और आगे बढ़ाने आए हैं, जो पिछले एक साल में हमारे दोनों देशों ने मिलकर बनाई है। व्यापार और निवेश में गति, मजबूत आर्थिक संबंधों की दिशा में गति, और कनाडाई तथा भारतीयों दोनों के लिए एक अधिक समृद्ध और सुरक्षित भविष्य की दिशा में गति।” सिद्धू ने गर्मजोशी से स्वागत करने और संबंधों को नए स्तर पर ले जाने में सहयोग देने के लिए भारत के लोगों तथा सरकार को धन्यवाद दिया।

CEPA वार्ता में तेजी

यह ट्रेड मिशन ऐसे समय हुआ है जब भारत और कनाडा व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) को लेकर बातचीत में तेजी से प्रगति कर रहे हैं। कनाडा में भारत के उच्चायुक्त दिनेश के. पटनायक ने इस सप्ताह की शुरुआत में बताया कि दोनों पक्षों का लक्ष्य दिसंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित कनाडा यात्रा से पहले वार्ता पूरी करना है। उन्होंने कहा कि CEPA वार्ता का चौथा दौर पूरा हो चुका है और बातचीत तेजी से आगे बढ़ रही है। नवंबर तक समझौते को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है। यह प्रधानमंत्री मोदी और कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के उस वादे के अनुरूप है, जिसमें उन्होंने वार्ता शुरू होने के एक साल के भीतर इसे पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई थी। पटनायक के अनुसार, CEPA से टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाएं कम होंगी, तकनीकी अड़चनें दूर होंगी तथा नियमों का पालन आसान हो जाएगा। इससे निवेश को बढ़ावा मिलेगा और लोगों, सामान तथा पूंजी की आवाजाही भी सुगम होगी। कनाडा के इस बड़े ट्रेड मिशन और CEPA में हो रही प्रगति से दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। (इनपुट-एजेंसी)