मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने शुक्रवार को केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को राज्य को निरंतर समर्थन देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा भेजे गए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर केंद्र ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए मंजूरी दी है।
रिजिड पेवमेंट तकनीक पर जोर
मुख्यमंत्री ने मिजोरम में अधिक वर्षा और लंबे मानसून को देखते हुए रिजिड पेवमेंट (कठोर पक्की सड़क) तकनीक अपनाने के प्रस्ताव पर चल रही चर्चाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस तकनीक से सड़कों के क्षरण की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक
लालदुहोमा ने मुख्यमंत्री सम्मेलन कक्ष में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में नेशनल हाईवे एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) और राज्य लोक निर्माण विभाग द्वारा क्रियान्वित प्रमुख राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान चल रहे कार्यों, पूर्ण किए गए खंडों और कार्यान्वयन के दौरान सामने आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही, पिछले वर्ष सितंबर में हुई समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों पर भी पुनर्विचार किया गया।
लंबित प्रस्तावों और मरम्मत कार्य पर चर्चा
बैठक में विभिन्न जिलों में चल रहे राजमार्ग सुधार कार्यों और केंद्र से मंजूरी के लिए लंबित प्रस्तावों पर अद्यतन जानकारी साझा की गई। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इससे पहले एनएचआईडीसीएल, राज्य पीडब्ल्यूडी और विद्युत विभाग सहित संबंधित एजेंसियों के साथ बैठक में ठेकेदार दायित्व अवधि के दौरान समय पर और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत सुनिश्चित करने पर जोर दिया था।
बाईपास बनने पर सड़कों का हस्तांतरण जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां नए बाईपास बनाए जाते हैं, वहां शहरों से गुजरने वाली पुरानी सड़कों को विधिवत रूप से राज्य के लोक निर्माण विभाग को सौंपा जाना चाहिए, ताकि उनका रखरखाव व्यवस्थित ढंग से हो सके। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री गडकरी पहले ही एनएचआईडीसीएल को इस प्रस्ताव की जांच करने का निर्देश दे चुके हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई में तेजी लाने का आग्रह किया। (इनपुट: आईएएनएस)


