किसानों के लिए केंद्र का बड़ा फैसला, राजस्थान और तेलंगाना को 605 करोड़ से अधिक की वित्तीय मंजूरी

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (पीएम-आरकेवीवाई) और कृषोन्नति योजना के तहत राजस्थान के लिए 340.59 करोड़ रुपए और तेलंगाना के लिए 265.12 करोड़ रुपए की वित्तीय मंजूरी दी। यह मंजूरी भोपाल से राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा और तेलंगाना के कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव के साथ हुई वर्चुअल बैठक के दौरान दी गई। बैठक में कृषि सचिव आतिश चंद्र, केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और दोनों राज्यों के कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

वार्षिक कार्ययोजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक में दोनों राज्यों की परियोजना अनुमोदन समितियों की बैठकों में स्वीकृत वार्षिक कार्ययोजनाओं की समीक्षा की गई। इसके साथ ही पहले जारी राशि के उपयोग और अब तक हुई व्यय प्रगति का भी आकलन किया गया। समीक्षा के बाद दोनों राज्यों के लिए नई वित्तीय मंजूरी दी गई।

तेलंगाना के किसान पहचान पत्र मॉडल की सराहना

शिवराज सिंह चौहान ने किसान पहचान पत्र और उर्वरक वितरण के लिए तेलंगाना की ओर से विकसित किए गए नए मॉडल की सराहना की। उन्होंने इस पहल के लिए राज्य के कृषि मंत्री को बधाई देते हुए कहा कि यह मॉडल किसानों को सरकारी सेवाएं अधिक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराने में मदद करेगा।

तिलहन और दलहन परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर चिंता

केंद्रीय कृषि मंत्री ने तेलंगाना में तिलहन और दलहन परियोजनाओं के तहत खर्च की प्रगति निर्धारित समय से पीछे होने का भी उल्लेख किया। उन्होंने राज्य सरकार से इन परियोजनाओं में व्यय और कार्यान्वयन की नियमित निगरानी करने पर जोर दिया, ताकि निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जा सके।

राजस्थान में किसान क्रेडिट कार्ड पर जोर

राजस्थान के लिए चौहान ने किसान क्रेडिट कार्ड की स्थिति पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर और बिना परेशानी के ऋण सहायता उपलब्ध कराने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड से जुड़ी प्रक्रिया को प्रभावी बनाना जरूरी है।

समयबद्ध क्रियान्वयन पर सरकार का जोर

चौहान ने कहा कि वित्तीय स्वीकृतियां राज्यों में कृषि योजनाओं के समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दी गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में केंद्र सरकार किसानों के हित में संसाधनों, तकनीकी सहायता और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्यों के साथ मिलकर काम कर रही है।

कृषि अवसंरचना को मिलेगी गति

केंद्र से मिले इस वित्तीय आवंटन से राजस्थान और तेलंगाना में कृषि अवसंरचना, उत्पादकता बढ़ाने, कृषि इनपुट सहायता और किसान कल्याण से जुड़ी गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है। चौहान ने विश्वास जताया कि इन निधियों से राज्य स्तर पर योजनाओं के कार्यान्वयन में गति आएगी और सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक अधिक प्रभावी तरीके से पहुंच सकेगा। (इनपुट: आईएएनएस)