अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस पर कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने दीं शुभकामनाएं

अंतरराष्ट्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम दिवस (एमएसएमई दिवस) के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उद्यमियों, नवोन्मेषकों और श्रमिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी नेताओं ने एमएसएमई क्षेत्र को रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला बताया।

सीएम योगी ने एमएसएमई को बताया आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की ताकत

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर प्रदेश की उद्यमशीलता, युवा सामर्थ्य और आत्मनिर्भरता के संकल्प को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर नोएडा के गौतमबुद्ध नगर में यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) के चतुर्थ संस्करण की कर्टेन रेजर सेरेमनी आयोजित होगी। इसके साथ ही ओडीओपी और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को टूल किट, एमएसएमई इकाइयों एवं तकनीकी उन्नयन योजना के लाभार्थियों को सब्सिडी चेक तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लाभार्थियों को सहायता राशि वितरित की जाएगी। उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकर्स को भी सम्मानित किया जाएगा।

70 विकास परियोजनाओं का होगा लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि इसके बाद 2,479 करोड़ रुपए की लागत से सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन सहित 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने लोगों से आत्मनिर्भर, उद्यमी और विकसित उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया।

उत्तराखंड के सीएम धामी ने एमएसएमई को बताया अर्थव्यवस्था की रीढ़

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘एक्स’ पर सभी उद्यमियों, नवोन्मेषकों और कर्मशील नागरिकों को अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, जो रोजगार सृजन, नवाचार और आत्मनिर्भरता को नई गति दे रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यम युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के साथ-साथ पलायन रोकने और समृद्ध ग्रामीण अर्थव्यवस्था के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने दीं शुभकामनाएं

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के उद्यमियों, स्टार्टअप्स, कारीगरों और श्रमिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके परिश्रम, नवाचार और उद्यमशीलता से मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि एमएसएमई आत्मनिर्भर भारत के साथ-साथ विकसित मध्य प्रदेश के निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी शुभकामनाएं दीं

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में एमएसएमई क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था को नई गति देने वाले सभी उद्यमियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार उद्यम, निवेश और नवाचार को बढ़ावा देकर एमएसएमई क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। (इनपुट: आईएएनएस)