साबरमती आश्रम के आधुनिकीकरण पर सीएम भूपेंद्र पटेल की बड़ी समीक्षा बैठक, ग्रीन ग्रोथ और युवाओं की भागीदारी पर जोर

गांधीनगर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में महात्मा गांधी साबरमती आश्रम मेमोरियल ट्रस्ट की गवर्निंग काउंसिल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप मुख्यमंत्री एवं काउंसिल के वाइस चेयरमैन हर्ष संघवी भी उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष विजन और प्रेरणा से साबरमती आश्रम के आधुनिकीकरण और नवीनीकरण का कार्य किया जा रहा है।

चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा

बैठक में साबरमती आश्रम में जारी विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। एग्जीक्यूटिव काउंसिल के चेयरमैन आईपी गौतम ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से परियोजना की समग्र प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया।

उन्होंने बताया कि परियोजना के अंतर्गत करीब 28 मकानों के रिस्टोरेशन का कार्य किया जा रहा है। इनमें से 22 मकानों का काम पूरा हो चुका है। संपूर्ण रिस्टोरेशन कार्य मार्च 2026 तक पूरा करने की योजना बनाई गई है।

ग्रीन ग्रोथ को प्राथमिकता

प्रस्तुति में बताया गया कि आश्रम के नवीनीकरण कार्य में ग्रीन ग्रोथ को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रधानमंत्री के दिशानिर्देशों के अनुरूप अब तक लगभग 98 हजार छोटे-बड़े पेड़-पौधे लगाए जा चुके हैं। मार्च 2026 तक अतिरिक्त 16 हजार पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है।

युवाओं की भागीदारी पर जोर

बैठक में पूज्य बापू के श्रमदान के विचार को आश्रम की गतिविधियों से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। इस बात पर विचार-विमर्श किया गया कि आश्रम की यात्रा पर आने वाले आगंतुक, विशेषकर युवा, विभिन्न सेवा गतिविधियों में किस प्रकार सक्रिय रूप से सहभागी बन सकें। साथ ही, गवर्निंग काउंसिल की पिछली बैठक के एजेंडा को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में महात्मा गांधी साबरमती आश्रम मेमोरियल ट्रस्ट की गवर्निंग काउंसिल के सदस्य सांसद नरहरिभाई अमीन, कार्तिकेय साराभाई, जयेशभाई पटेल, मुख्य सचिव एमके दास, युवा, सेवा एवं सांस्कृतिक गतिविधि विभाग के सचिव डॉ. राहुल गुप्ता, मुख्यमंत्री के अपर प्रधान सचिव डॉ. विक्रांत पांडे, पर्यटन सचिव कुलदीप आर्य और ट्रस्ट के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) आईके पटेल भी उपस्थित रहे। (इनपुट: आईएएनएस)