बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज गुरुवार को राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को राहत व बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। गंगा और कोसी समेत कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है, जिससे हालात गंभीर बने हुए हैं। मुख्यमंत्री के साथ जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। उन्होंने भागलपुर, भोजपुर, बेगूसराय और खगड़िया जैसे सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों का निरीक्षण किया। खराब मौसम के कारण यह सर्वेक्षण एक दिन देरी से हुआ। जल संसाधन विभाग के मुताबिक राज्य के 24 जिलों में अब तक 17 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं और कई जगह ‘येलो’ व ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी है। गंगा समेत 10 नदियां उफान पर हैं, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया है और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं।
सीएम नीतीश कुमार अपने आवास पर अधिकारियों के साथ लगातार बैठक कर हालात की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने समय पर लोगों की निकासी, राहत सामग्री वितरण और चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, “सरकार जनता की परेशानियों को कम करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।”
वहीं भारतीय मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में और बारिश की चेतावनी दी है, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है। पटना मौसम केंद्र ने राज्यभर में अगले 3-4 दिनों तक हल्की से भारी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है। गंगा, कोसी और बागमती समेत कई नदियां कई स्थानों पर खतरे के करीब बह रही हैं।
पिछले 24 घंटों में खगड़िया जिला सबसे ज्यादा प्रभावित रहा, जहां 206 मिमी बारिश दर्ज हुई। खगड़िया के मंसी में 188.6 मिमी, सारण के परसा में 157.4 मिमी, किशनगंज के तैबपुर में 135.2 मिमी और अररिया के रानीगंज में 122.4 मिमी बारिश हुई। पूर्णिया, रोहतास और बेगूसराय में 76-98 मिमी बारिश हुई, जिससे नदियों का जलस्तर और बढ़ गया।
वहीं बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को 29.1 मिमी बारिश दर्ज की गई और कई इलाकों जैसे कंकरबाग, पटना जंक्शन, दानापुर और पटना सिटी में जलभराव की समस्या रही। अगले 24 घंटों में यहां हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। मौसम विभाग ने उत्तर बिहार के जिलों किशनगंज, अररिया और सुपौल में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। साथ ही पटना, गया, भागलपुर और दक्षिण बिहार के अन्य जिलों में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है।-(IANS)


