उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काकोरी शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में काकोरी ट्रेन एक्शन पर आधारित संगीतमय नाट्य प्रस्तुति देखी। कलाकारों ने देशभक्ति गीतों के माध्यम से काकोरी और स्वतंत्रता संग्राम की गाथा को जीवंत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रनायकों का किरदार निभाने वाले कलाकारों की सराहना की, शहीदों और राष्ट्रनायकों के परिजनों को सम्मानित किया तथा काकोरी ट्रेन एक्शन और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी पुस्तिकाओं का विमोचन किया।
संगीतमय प्रस्तुति ने जगाई राष्ट्रभक्ति की भावना
भारतेंदु नाट्य अकादमी के रंगमंडल ने डॉ. सुमित श्रीवास्तव के निर्देशन में काकोरी ट्रेन एक्शन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी। कलाकारों ने ‘वंदे मातरम’, ‘हंसते-हंसते चूम लेंगे फांसी के फंदों को हम’, ‘चाह नहीं मैं सुरबाला के गहनों में गूंथा जाऊं’ और ‘शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले’ जैसे गीतों के जरिए राष्ट्रभक्ति की भावना का संचार किया। प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने भी ‘भारत माता की जय’ के जयकारे लगाए।
शौर्यगाथा पर आधारित पुस्तिकाओं का विमोचन
मुख्यमंत्री ने बच्चों की पेंटिंग पर आधारित ‘वंदे मातरम’ तथा काकोरी ट्रेन एक्शन के शहीदों और शासकीय अभिलेखों पर आधारित पुस्तिकाओं का विमोचन किया। इन पुस्तिकाओं के जरिए स्वतंत्रता संग्राम के महत्वपूर्ण घटनाक्रम और काकोरी के अमर शहीदों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
राष्ट्रनायकों और शहीदों के परिजनों का सम्मान
सीएम योगी ने राष्ट्रनायकों और काकोरी के शहीदों के परिजनों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इनमें परमवीर चक्र विजेता मनोज पांडेय के भाई मनमोहन पांडेय, लांस नायक केवलानंद द्विवेदी की धर्मपत्नी कमला द्विवेदी और राइफलमैन सुनील जंग की मां बीना जंग शामिल रहीं।
स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को भी किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शिव नारायण गुप्ता के नाती देवाशीष गुप्ता, रामकृष्ण खत्री के पौत्र रोहित खत्री, शचींद्र नाथ बख्शी की नातिन मीता बख्शी, ठाकुर रोशन सिंह के प्रपौत्र प्रियांशु सिंह और राजीव सिंह तथा अशफाक उल्ला खां के परिजन आफाक उल्ला खां को सम्मानित किया। इसके अलावा राजा सिंह की पुत्रवधू राजेश्वरी सिंह और कुंवर सिंह चौधरी की धर्मपत्नी लक्ष्मी देवी चौधरी समेत अन्य परिजनों को भी सम्मान मिला।
अमर शहीद वाटिका में लगाए गए 34 पौधे
काकोरी शहीद स्मारक पर अमर शहीद वाटिका का विस्तारीकरण करते हुए 34 पौधे लगाए गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत त्रिवेणी के रूप में पीपल, बरगद और नीम के पौधे रोपे। उप मुख्यमंत्री, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री, महापौर समेत अन्य अतिथियों ने अशोक के पौधे लगाए। पौधरोपण की देखरेख मुख्य वन संरक्षक लखनऊ मंडल रेणु सिंह और अवध वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी सितांशु पांडेय ने की।
शहीदों की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रभक्ति की धुन के बीच सबसे पहले अमर शहीद चंद्रशेखर सिंह, रामप्रसाद बिस्मिल, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी, ठाकुर रोशन सिंह और अशफाक उल्ला खां की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। उन्होंने स्कूली बच्चों के साथ सेल्फी ली और उन्हें चॉकलेट भी दी। मुख्यमंत्री ने दोनों उप मुख्यमंत्रियों के साथ अमर शहीदों की तस्वीरों के सामने बैठकर फोटो भी खिंचवाई।
स्वतंत्रता संग्राम की प्रदर्शनी का किया अवलोकन
सीएम योगी ने काकोरी शहीद स्मारक में लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी की जानकारी ली और उपस्थित लोगों को बलिदानियों एवं राष्ट्रनायकों के कृतित्व और व्यक्तित्व के बारे में बताया। प्रदर्शनी में काकोरी से जुड़े घटनाक्रम और राष्ट्रवीरों के चित्र प्रदर्शित किए गए हैं।
संस्कृति और पर्यटन विभाग ने दी जानकारी
संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने मुख्यमंत्री को प्रदर्शनी के बारे में विस्तृत जानकारी दी। राज्य ललित कला अकादमी की निदेशक डॉ. श्रद्धा शुक्ला ने भी अकादमी की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी के बारे में बताया। प्रदर्शनी के माध्यम से काकोरी ट्रेन एक्शन और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले राष्ट्रनायकों की शौर्यगाथा को सामने रखा गया है। (इनपुट: आईएएनएस)


