सीएम योगी आज प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर को देंगे 1,200 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह 1,200 करोड़ रुपए से अधिक लागत की कुल 210 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, शिक्षा, पेयजल और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को गति देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रतापगढ़ में 111 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री प्रतापगढ़ और विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्रों में 384 करोड़ रुपए से अधिक लागत की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा, पेयजल, ग्रामीण विकास और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।

सुल्तानपुर में 819 करोड़ रुपए से अधिक की 99 परियोजनाएं

इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुल्तानपुर और इसौली विधानसभा क्षेत्रों में 819 करोड़ रुपए से अधिक लागत की 99 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति देना है।

राजकीय मेडिकल कॉलेज समेत कई योजनाओं का शुभारंभ

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर में स्वास्थ्य, विकास और जनकल्याण के नए संकल्प साकार होंगे। उन्होंने बताया कि राजकीय मेडिकल कॉलेज सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, आयुष्मान कार्ड, सिलाई मशीन, स्वीकृति-पत्र, आवास की चाबी, प्रमाण-पत्र और प्रशस्ति-पत्र भी वितरित किए जाएंगे।

‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को मिलेगी मजबूती

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को नई ऊर्जा और नई शक्ति प्रदान करेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं से दोनों जिलों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी।

प्रतापगढ़ में रूट डायवर्जन लागू

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रतापगढ़ जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की है। सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक शहर में रूट डायवर्जन लागू रहेगा और भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। (इनपुट: आईएएनएस)