सार्वजनिक क्षेत्र की कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने कोंकण रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड (केआरसीएल) के साथ कोलकाता में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। दोनों कंपनियों के बीच यह गैर-बाध्यकारी समझौता रेल अवसंरचना परियोजनाओं का विकास करने के लिए किया गया है।
शेयर बाजार को मंगलवार को दी गई जानकारी में बताया गया कि इस समझौता ज्ञापन पर सीआईएल के निदेशक (तकनीकी) अच्युत घटक और केआरसीएल के निदेशक (वित्त) राजेश भड़ंग ने सीआईएल अध्यक्ष पीएम प्रसाद और दोनों संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए।
रेल अवसंरचना परियोजनाओं के विकास और रखरखाव के लिए की साझेदारी
कंपनी ने कहा कि कोल इंडिया और उसकी सहायक कंपनियों के लिए रेल अवसंरचना परियोजनाओं के विकास और रखरखाव के लिए कोंकण रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड (केआरसीएल) के साथ एक रणनीतिक साझेदारी की गई है। यह समझौता कोल इंडिया और उसकी सहायक कंपनियों के लिए कोयला परिवहन में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कोयला परिवहन में सुधार के लिए अपने रेल बुनियादी ढांचे को सक्रिय रूप से मजबूत कर रही सीआईएल
घरेलू कोयला उत्पादन में 80 फीसदी से अधिक का योगदान देने वाली सीआईएल कोयला परिवहन में सुधार के लिए अपने रेल बुनियादी ढांचे को सक्रिय रूप से मजबूत कर रही है। कोयला खनन कंपनी सीआईएल ने इससे पहले इंडियन पोर्ट रेल एंड रोपवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड के साथ भी समझौता किया था। (इनपुट-एजेंसी)


