बिग कैट की प्रमुख प्रजातियों के प्राकृतिक आवासों के संरक्षण और सुरक्षा के लिए सामूहिक कार्रवाई महत्वपूर्ण है: भूपेंद्र यादव

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत वन्यजीव संरक्षण में वैश्विक अग्रणी के रूप में उभरा है, जिसने पिछले दशक में उल्लेखनीय सफलताएं प्राप्त की हैं। उन्होंने कहा कि बिग कैट की सात प्रमुख प्रजातियों और उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण तथा सुरक्षा के लिए बिग कैट वाले देशों के बीच सामूहिक कार्रवाई महत्वपूर्ण है।

इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस (IBCA) की पहली बैठक सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित की गई थी। भूपेंद्र यादव ने बैठक की अध्यक्षता की। जिसमें 9 देशों के मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया। इन देशों में भूटान, कंबोडिया, इस्वातिनी, गिनी गणराज्य, भारत गणराज्य, लाइबेरिया गणराज्य, सूरीनाम गणराज्य, सोमालिया संघीय गणराज्य और कजाकिस्तान गणराज्य शामिल हैं। इसका उद्देश्य रेंज देशों में बिग कैट के संरक्षण को बढ़ावा देना है

इस दौरान, केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बिग कैट रेंज देशों से आईबीसीए की पहलों और कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से शामिल होने और सहयोग करने का आह्वान किया। बैठक में सर्वसम्मति से भूपेंद्र यादव को आईबीसीए के अध्यक्ष के रूप में अनुमोदित किया गया। इसके अलावा, एसपी यादव को आईबीसीए के महानिदेशक के रूप में भी अनुमोदित किया गया।

बैठक के दौरान अप्रैल 2024 में आयोजित आईबीसीए की पहली अंतरराष्ट्रीय संचालन समिति की बैठक की कार्यवाही का समर्थन किया गया। आईबीसीए द्वारा भारत के साथ हस्ताक्षरित मुख्यालय समझौते की पुष्टि की, कार्ययोजना, सभा की प्रक्रिया के नियमों और आईबीसीए के कर्मचारियों और वित्तीय विनियमों की नियमावली को मंजूरी दी। ये इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस के प्रभावी शासन, संचालन और सहयोगी पहलों के लिए मार्गदर्शक आधार के रूप में काम करेंगे।

आपको बता दें, भारत सरकार द्वारा बनाया गया, इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस (आईबीसीए) 95 रेंज देशों का एक गठबंधन है। इसका उद्देश्य सात बिग कैट अर्थात् बाघ, शेर, तेंदुआ, हिम तेंदुआ, चीता, जगुआर और प्यूमा का संरक्षण करना है। गौरतलब हो, आईबीसीए की स्थापना भारत सरकार द्वारा नोडल संगठन अर्थात राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के माध्यम से 12 मार्च, 2024 के आदेश के तहत की गई थी।

आईबीसीए का प्राथमिक उद्देश्य वैश्विक स्तर पर बिग कैट के संरक्षण के साझा लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सफल संरक्षण प्रणालियों और विशेषज्ञता को समेकित करते हुए रेंज देशों और अन्य हितधारकों के बीच सहयोग और तालमेल को सुविधाजनक बनाना है। वित्तीय सहायता से समर्थित इस एकीकृत दृष्टिकोण का उद्देश्य जैव विविधता संरक्षण के एजेंडे को बढ़ावा देना, बिग कैट की आबादी में गिरावट को रोकना और हमारी इको-सिस्टम को संरक्षित करना है। (PIB)