शौर्य के साथ संवेदना भी जरूरी, सुरक्षित माहौल सुशासन का आधार: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश पुलिस के गीत ‘खाकी का सितारा’ के लॉन्चिंग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सुशासन का आधार सुरक्षा है और इसके लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रदेश में सुरक्षित माहौल जरूरी है। शुक्रवार को लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदली है और प्रदेश को नई पहचान मिलने के पीछे सुरक्षा का भाव महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति है और इसके लिए जो भी जरूरी होगा, सरकार करेगी।

शौर्य के साथ संवेदना भी जरूरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जहां शौर्य होता है, वहीं संवेदना भी होती है, जबकि कायरता के वातावरण में लूट, असुरक्षा और अराजकता जन्म लेती है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद, दंगे और नक्सलवाद कायरता की निशानी हैं, क्योंकि जो सामने से नहीं लड़ सकता, वही पीछे से वार करता है।

दंगामुक्त और कर्फ्यूमुक्त हुआ प्रदेश

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में कई मॉडल स्थापित किए हैं। पिछले नौ वर्षों में प्रदेश दंगामुक्त और कर्फ्यूमुक्त हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता और प्रभावी कार्रवाई से प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण मजबूत हुआ है।

फर्रुखाबाद घटना का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने फर्रुखाबाद की उस घटना का उल्लेख किया, जिसमें 22 बच्चे चारों ओर डिटोनेटर के दायरे में कैद थे। उन्होंने कहा कि यूपी पुलिस ने अपनी क्षमता और साहस का परिचय देते हुए बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और अपराधी मुठभेड़ में मारे गए।

पुलिस के शौर्य की सराहना

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वह अभियान की निगरानी के दौरान लगातार देख रहे थे कि ऑपरेशन किस तरह आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियानों ने यूपी पुलिस के शौर्य और जनता की सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को सामने रखा है।

अपराधियों का दंभ चकनाचूर

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब अपराधी पुलिस पर भारी पड़ते थे और पुलिस पीछे हटती थी। कई लोगों को यह गफलत थी कि वे अपनी संख्या के बल पर यूपी पुलिस को रौंद देंगे, लेकिन अब उनका दंभ चकनाचूर हो चुका है। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली और क्षमता में बड़ा बदलाव आया है।

कानून से ऊपर कोई नहीं

सीएम योगी ने कहा कि अब अपराधियों को यह समझना होगा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। उन्होंने लखनऊ की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी शहर में एक व्यक्ति ने पुलिस अधिकारी को अपनी कार के बोनट पर घसीटकर जबरन ले जाने का प्रयास किया था।

प्रभाव और पहचान नहीं देखेगा कानून

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह समय अब बीत चुका है। अब कोई ऐसा दुस्साहस करेगा तो उसे सजा भुगतनी होगी, चाहे वह किसी नेता या अधिकारी का पुत्र ही क्यों न हो। कानून के सामने किसी के प्रभाव या पहचान का कोई महत्व नहीं होगा और दुस्साहस करने वाले को उसकी कीमत चुकानी होगी। (इनपुट: आईएएनएस)