प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 जून 2026 को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 12 साल का ऐतिहासिक कार्यकाल पूरा कर लिया। उन्होंने लगातार 4,399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इस उपलब्धि पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने उन्हें बधाई दी और उनके नेतृत्व में देश की उपलब्धियों का उल्लेख किया।
उपराष्ट्रपति ने बताया परिवर्तनकारी नेतृत्व का प्रतीक
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह रिकॉर्ड केवल लंबे कार्यकाल का प्रतीक नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय यात्रा में एक परिवर्तनकारी युग का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने आर्थिक विकास, आधारभूत संरचना विस्तार, सामाजिक सशक्तीकरण, तकनीकी प्रगति और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को समावेशी विकास के माध्यम से 25 करोड़ से अधिक लोगों को अत्यंत गरीबी से बाहर निकालने और करोड़ों परिवारों में आशा, अवसर तथा सम्मान बहाल करने के लिए याद किया जाएगा। उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत, गुमनाम नायकों और सभ्यतागत पहचान को सम्मान देकर प्रधानमंत्री ने देशवासियों में आत्मविश्वास का संचार किया है।
सांस्कृतिक विरासत और सभ्यतागत पहचान का भी किया उल्लेख
सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र में प्रधानमंत्री द्वारा तमिल संत कनियन पूंगुंद्रनार के प्रसिद्ध वचनों “यादुम ऊरे, यावरुम केलिर” का उल्लेख भारत की ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन था। उन्होंने काशी तमिल संगमम, सौराष्ट्र तमिल संगमम, नए संसद भवन में सेंगोल की स्थापना, गंगैकोंड चोलपुरम की यात्रा तथा विदेशों से पुरावशेषों की वापसी जैसे प्रयासों को भारत की सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने वाला बताया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत के साथ भारत की क्षमताओं और आकांक्षाओं में नया विश्वास पैदा किया है तथा वह समकालीन भारत के एक सच्चे युगपुरुष के रूप में उभरे हैं।
निर्मला सीतारमण ने गिनाए सुधार और जनकल्याणकारी पहल
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि पिछले 4,399 दिनों में प्रधानमंत्री ने देश के सामने आए कई चुनौतीपूर्ण दौर में निर्णायक और मजबूत नेतृत्व प्रदान किया। उन्होंने कहा कि ‘अंत्योदय’ और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ की भावना के साथ सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि विकास का लाभ देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार ने कई बड़े और साहसिक सुधार लागू किए, जिनके कारण जनता ने लगातार उन पर भरोसा जताया।
पीयूष गोयल बोले- 12 वर्षों में बदली भारत की विकास यात्रा
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने एक्स पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं और यह देश के लिए ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ऐसे परिवर्तनकारी सुधार हुए हैं जिन्होंने भारत की विकास यात्रा को नई दिशा दी है। पीयूष गोयल ने कहा कि किसानों, उद्यमियों, महिलाओं, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), युवाओं और मध्यम वर्ग के लिए शुरू की गई विभिन्न योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व ने वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाई है और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की दिशा में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण बनी हुई है। (इनपुट: आईएएनएस)


