जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के चलते आज मंगलवार को चिनाब नदी का जलस्तर बढ़कर 899.3 मीटर पहुंच गया। डिप्टी कमिश्नर हरविंदर सिंह ने बताया कि लगातार हो रही बारिश और बादल फटने की घटनाओं के कारण नेशनल हाईवे 244 बह गया है।
हरविंदर सिंह ने कहा कि पिछले तीन दिनों से चिनाब नदी के तटीय इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। इस बीच दो स्थानों से बादल फटने की खबरें सामने आई हैं। इसके चलते 15 आवासीय मकान, एक गोशाला और एक निजी स्वास्थ्य केंद्र को नुकसान पहुंचा है। वहीं तीन पैदल पुल भी बह गए हैं।
चिनाब का अधिकतम बाढ़ स्तर 900 मीटर है और वर्तमान में यह 899.3 मीटर पर पहुंच चुका है, यानी सिर्फ एक मीटर से थोड़ा ज्यादा अंतर बाकी है। उन्होंने आगे बताया कि नदी के किनारे और आसपास की सड़कों पर आवाजाही को प्रतिबंधित कर दिया गया है। हरविंदर सिंह ने कहा “बारिश की रफ्तार को देखते हुए हमें आशंका है कि अधिकतम बाढ़ स्तर पार हो सकता है। हमने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया है और चेनाब के किनारे आवाजाही रोकी गई है,”।
इसके पहले दिन में केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने द्रास (लद्दाख) के पास एक हादसे की जानकारी दी। उनके काफिले से आगे एक वाहन नदी में गिर गया, लेकिन समय रहते दोनों लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।-(ANI)


