भारतीय संस्कृति से प्रभावित दिखा साइप्रस, परिषद सदस्य ने छुए पीएम मोदी के पांव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साइप्रस दौरे के दौरान एक भावुक पल देखने को मिला, जब निकोसिया सिटी काउंसिल की सदस्य मिखायला किथ्रियोटी म्लापा ने उन्हें भारतीय परंपरा के अनुसार सम्मान देते हुए उनके पांव छुए। यह दृश्य राजधानी के ऐतिहासिक केंद्र में पीएम मोदी के आगमन पर सामने आया। प्रधानमंत्री मोदी ने भी उनके इस सम्मान को विनम्रता से स्वीकारते हुए उनके सिर पर हाथ रख आशीर्वाद दिया और मुस्कुराकर भारतीय संस्कृति से उनके परिचय की सराहना की।

प्रधानमंत्री मोदी को साइप्रस की राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडुलाइड्स द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “Grand Cross of the Order of Makarios III” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान साइप्रस के पहले राष्ट्रपति माकारियोस तृतीय के नाम पर दिया जाता है और यह केवल प्रमुख राष्ट्राध्यक्षों या विशेष सेवा देने वाले व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है। राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह के दौरान यह सम्मान दिया गया।

सम्मान स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “यह सम्मान केवल मेरा ही नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का है। यह उनके सामर्थ्य और आकांक्षाओं का सम्मान है। यह हमारे सांस्कृतिक भाईचारे और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की विचारधारा का सम्मान है। मैं इस सम्मान को भारत और साइप्रस के बीच मित्रता, साझा मूल्यों और आपसी समझ के प्रतीक के रूप में स्वीकार करता हूं।”

उन्होंने आगे कहा, “यह सम्मान शांति, सुरक्षा, संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और दोनों देशों की जनता की समृद्धि के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मैं इस सम्मान को भारत-साइप्रस संबंधों की जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करता हूं।” प्रधानमंत्री मोदी बीते रविवार दोपहर साइप्रस पहुंचे थे, जो किसी भारतीय प्रधानमंत्री की दो दशकों में पहली यात्रा है। उन्हें लार्नाका अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर साइप्रस के राष्ट्रपति ने स्वयं स्वागत किया। साइप्रस सरकार के आधिकारिक पेज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि पीएम मोदी की यात्रा भारत और साइप्रस के द्विपक्षीय संबंधों को गहराई देने का अवसर है।

इसके अलावा, पीएम मोदी का लिमासोल में बसे भारतीय समुदाय ने भावनात्मक स्वागत किया। इसके बाद पीएम मोदी और साइप्रस के राष्ट्रपति ने एक बिजनेस राउंडटेबल में भाग लेकर प्रमुख CEOs से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच व्यापारिक साझेदारी पर चर्चा की।-(ANI)