Print

डी.के. शिवकुमार आज लेंगे कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डी.के. शिवकुमार बुधवार को कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह शाम 4:05 बजे बेंगलुरु स्थित लोक भवन के ग्लास हाउस में आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री-नामित के कार्यालय की ओर से मंगलवार को जारी बयान के अनुसार, कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत डी.के. शिवकुमार और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल होंगे।

इसके अलावा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, सांसद और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी समारोह में उपस्थित रहेंगे।

समारोह में समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। विभिन्न धर्मों के धार्मिक नेताओं के साथ-साथ कनकपुरा के दोड्डालहल्ली स्थित सरकारी स्कूल के छात्रों को भी आमंत्रण भेजा गया है।

दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों, नागरिक कर्मियों, किसान नेताओं, दलित संगठनों के प्रतिनिधियों, पिछड़ा वर्ग संगठनों के नेताओं, महिला स्वयं सहायता समूहों, महिला नेताओं और युवा नेताओं को भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

आमंत्रित अतिथियों में मीडिया, फिल्म जगत, न्यायपालिका, खेल जगत, रंगमंच, साहित्य, कला, उद्योग और होटल उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि भी शामिल हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि व्यापक स्तर पर दिए गए निमंत्रणों के जरिए नई सरकार समावेशी शासन और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी का संदेश देना चाहती है।

मंगलवार को डी.के. शिवकुमार ने कहा कि उनके नेतृत्व में कर्नाटक में युवाओं के लिए एक नए युग की शुरुआत होगी। उन्होंने स्वीकार किया कि आगे की राह आसान नहीं होगी, लेकिन वह राज्य के लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।

उन्होंने कहा, “पार्टी ने किसी नेता को नहीं, बल्कि एक कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी सौंपी है। मुझ पर जताए गए विश्वास के लिए मैं आभारी हूं। मुझे पता है कि आगे चुनौतियां होंगी, लेकिन मुझे उनका सामना करते हुए लगातार काम करना है।”

शिवकुमार ने कहा कि कर्नाटक की जनता ने उन पर भरोसा जताया है और वह ईमानदारी तथा प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे।

उन्होंने कहा, “दुनिया ने भारत को बेंगलुरु के माध्यम से देखा है। कर्नाटक एक महत्वपूर्ण राज्य है और इसलिए मुझे समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना होगा।”

समावेशी शासन पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गों के लिए काम करेगी।

उन्होंने कहा, “मैं किसानों से लेकर महिलाओं और युवाओं तक, समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलूंगा। कर्नाटक में युवाओं के लिए एक नए युग की शुरुआत होगी।”

अपने राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए शिवकुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पद तक पहुंचने का उनका सफर संघर्ष और कड़ी मेहनत से भरा रहा है।

उन्होंने कहा, “यह एक कठिन यात्रा रही है। भले ही देर हुई, लेकिन अवसर मिला। यह केवल शिवकुमार की जीत नहीं है, बल्कि हर उस कांग्रेस कार्यकर्ता की जीत है जिसने पार्टी के साथ खड़े रहकर उसकी लोकतांत्रिक परंपराओं पर विश्वास बनाए रखा।”

-(इनपुटःएजेंसी)