13/11/24 | 11:28 pm | President murmu | Silvassa

Print

राष्ट्रपति मुर्मु ने सिलवासा में स्वामी विवेकानंद विद्या मंदिर स्कूल का किया उद्घाटन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज बुधवार को सिलवासा में स्वामी विवेकानंद विद्या मंदिर स्कूल का उद्घाटन किया। राष्ट्रपति मुर्मु ने छात्रों के साथ कविताएं पढ़ीं, और उनके साथ कुछ हल्के-फुल्के पल साझा किए। एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने क्षेत्र की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर पर प्रकाश डाला।

उन्होंने भारत के विकास में युवाओं के योगदान की सराहना की। राष्ट्रपति ने कहा कि पर्यटन का विस्तार केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) में नए रोजगार के अवसर पैदा करेगा। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि अधिक से अधिक लोग हमारे देश की सुंदरता और धरोहर के बारे में जान पाते हैं। साथ ही, जब हम अन्य क्षेत्रों के लोगों से मिलते हैं तो हम अधिक उदार और संवेदनशील बनते हैं।

उन्होंने सिलवासा में NAMO मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट का भी दौरा किया और वहां के छात्रों व विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के संकाय सदस्यों से बातचीत की। गौरतलब है कि राष्ट्रपति मुर्मु 12 से 14 नवंबर तक दादर और नगर हवेली एवं दमन और दीव की यात्रा पर हैं।

मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दादर और नगर हवेली एवं दमन और दीव की एक आदिवासी निवासी अनिताबेन कृष्ण हलपति से बातचीत की। राष्ट्रपति ने उनसे उनके जीवन और आजीविका के साधनों के बारे में पूछा। अनिताबेन ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से उन्हें कैसे लाभ मिला, जिससे उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ। दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव के प्रशासक ने 12 नवंबर को दमन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का स्वागत किया। यह राष्ट्रपति की इस केंद्र शासित प्रदेश की पहली यात्रा थी, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।