‘गाउसॉर्ट’ तकनीक से डेयरी सेक्टर को मिलेगी रफ़्तार, पीएम मोदी ने किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के पूर्णिया में स्थापित ₹10 करोड़ की ‘सेक्स सॉर्टेड सीमेन’ (Sex Sorted Semen) सुविधा का उद्घाटन किया। यह केंद्र ‘राष्ट्रीय गोकुल मिशन’ के तहत पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा बनाया गया है। इसकी क्षमता हर साल 5 लाख खुराकें तैयार करने की है।

यह केंद्र ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की सोच को आगे बढ़ाता है। इसमें प्रधानमंत्री द्वारा 5 अक्टूबर 2024 को लॉन्च की गई स्वदेशी ‘ गाउसॉर्ट ’ तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इस तकनीक से किसानों को पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राज्यों में सस्ती दरों पर सेक्स सॉर्टेड सीमेन उपलब्ध होगा।

पूर्णिया सीमेन स्टेशन की स्थापना ₹84.27 करोड़ की केंद्रीय सहायता से की गई थी। यह देश के सरकारी क्षेत्र का सबसे बड़ा स्टेशन है और पूर्वी व उत्तर-पूर्व भारत का पहला अत्याधुनिक सीमेन केंद्र है। फिलहाल यह स्टेशन हर साल 50 लाख खुराकें तैयार कर रहा है और क्षेत्र के डेयरी सेक्टर में अहम भूमिका निभा रहा है।

विशेषज्ञों के अनुसार, सीमेन सेक्स-सॉर्टिंग तकनीक से 90% तक संभावना होती है कि मादा बछड़े जन्म लें। इससे किसानों का आर्थिक बोझ कम होगा और दूध उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी। यह तकनीक खासतौर पर छोटे, सीमांत किसानों और भूमिहीन पशुपालकों के लिए फायदेमंद साबित होगी।

नई सुविधा से पूर्वी भारत के डेयरी किसानों की आमदनी बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने में बड़ा योगदान मिलेगा।

-(इनपुट : पीआईबी)