हरियाणा सरकार महिलाओं के लिए एक नई योजना शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुवार को ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जाएगी। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहारा देकर और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
मुख्यमंत्री सुबह 8 बजे पंचकूला सेक्टर-2 में विशेष समर्पण अभियान के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे वे पंचकूला से ही इस योजना की आधिकारिक लॉन्चिंग करेंगे। योजना की शुरुआत पंचकूला से होगी और साथ ही पूरे हरियाणा के अन्य जिलों में भी इसे लागू किया जाएगा। राज्य के अलग-अलग जिलों में कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी इस योजना की शुरुआत में शामिल होंगे। सरकार का कहना है कि यह योजना खास तौर पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को ध्यान में रखकर बनाई गई है, ताकि उन्हें हर महीने स्थायी आर्थिक सहायता मिल सके और उनका जीवन स्तर बेहतर हो।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सुबह 11 बजे योजना की लॉन्चिंग के बाद वे दोपहर 2 बजे पानीपत स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इस मौके पर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की गई है और अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। सरकार को उम्मीद है कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक मजबूती और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।-(IANS)


