रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सिडनी में कुट्टाबुल नेवल बेस का किया दौरा, समुद्री सहयोग को मजबूत करने पर जोर

भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने ऑस्ट्रेलियाई दौरे के दूसरे दिन सिडनी में एचएमएएस कुट्टाबुल का दौरा किया, जो रॉयल ऑस्ट्रेलियाई नौसेना का एक प्रमुख बेस है। उन्होंने सिडनी हार्बर में एडमिरल हडसन जहाज पर जाकर वहां की आधुनिक सुविधाओं का जायजा लिया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फ्लीट बेस ईस्ट का जल दौरा किया। ऑस्ट्रेलिया के सहायक रक्षा मंत्री पीटर खलील ने उनका स्वागत किया, जो बाद में समुद्री सफर पर उनके साथ मौजूद रहे। इस यात्रा के दौरान रक्षा मंत्री को रॉयल ऑस्ट्रेलियाई नौसेना की परिचालन क्षमताओं और बुनियादी ढांचे के बारे में जानकारी दी गई।

राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “सिडनी में ऐतिहासिक और रणनीतिक नेवल बेस एचएमएएस कुट्टाबुल का दौरा किया। एडमिरल हडसन जहाज पर सिडनी हार्बर की शानदार सुविधाओं से परिचित हुआ। भारत-ऑस्ट्रेलिया नौसैनिक सहयोग को गहरा करने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समन्वित समुद्री क्षेत्र जागरूकता से दोनों देशों को लाभ होगा।”

एचएमएएस कुट्टाबुल नेवल बेस समुद्री क्षेत्र में ऑस्ट्रेलिया की मजबूत उपस्थिति, सक्रियता और रणनीतिक दृष्टिकोण का अहम हिस्सा है। यह ऑस्ट्रेलियाई नौसेना के लिए प्रशासनिक, प्रशिक्षण, लॉजिस्टिक्स और आवास केंद्र के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह फ्लीट बेस ईस्ट का मुख्य संचालन केंद्र है, जो रॉयल ऑस्ट्रेलियाई नौसेना का ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी तट पर प्रमुख आधार है।

भारतीय रक्षा मंत्री की इस यात्रा के दौरान ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच रक्षा संबंधों को मजबूती मिली है, जिससे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने के उद्देश्य से द्विपक्षीय सहयोग में एक नया अध्याय भी जुड़ गया। इससे पहले, गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सहयोग के नए रास्ते तलाशने के उद्देश्य से ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस के साथ कई उच्च-स्तरीय बैठकें कीं।

यह बैठक भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी के 5 साल पूरे होने के अवसर पर हुई, जिसमें दोनों पक्षों ने सैन्य अभ्यास, समुद्री सुरक्षा, रक्षा उद्योग सहयोग और विज्ञान व प्रौद्योगिकी में संयुक्त अनुसंधान सहित कई क्षेत्रों में रक्षा सहयोग को गहरा करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया। (इनपुट-आईएएनएस)

 

RELATED ARTICLES

1 hour ago | 24x7 Uninterrupted Power Supply in India

केंद्र ने 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए राज्यों को ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ाने की दी सलाह

केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मिशन मोड में ऊर्जा भंडारण क्षमता स्थाप...

2 hours ago | 49.6 Crore People Lifted Out of Poverty in India

12 वर्षों में 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर, जानिए कैसे बदली भारत की तस्वीर

भारत में 2011 से 2023 के बीच अनुमानित 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। इस दौरान निम्न-मध्यम आय वाले देशों ...