पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर रक्षा सचिव ने पीएम मोदी से की मुलाकात 

रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने आज सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में उनके आवास पर मुलाकात की। इनसे पहले कल रविवार को वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने पीएम मोदी से मुलाकात की थी। 

तीनों सेना प्रमुखों के साथ भी मुलाकात कर चुके पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी तथा सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी के बीच भी अलग-अलग बैठकें हो चुकी हैं। ये बैठकें पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर हुईं।

पहलगाम आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की हुई थी मौत

गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर स्थित पहलगाम में आतंकवादी हमला हुआ था। इस आतंकवादी हमले में आतंकियों ने 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी थी।हमले के बाद से सुरक्षा बलों ने आतंकियों पर शिकंजा कसा हुआ है। आतंकवादी हमले के बाद पूरी स्थिति की समीक्षा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, तीनों सेनाओं के प्रमुखों, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। 

सरकार ने सेना को स्थिति से निपटने के लिए दी है खुली छूट 

इस दौरान सरकार ने सेना को स्थिति से निपटने के लिए खुली छूट देने का निर्णय किया है। पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद सेना ने इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों पर शिकंजा कस दिया है। इससे परेशान पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम का उल्लंघन कर रहा है।