रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुभांशु शुक्ला और अन्य गगन यात्रियों को किया सम्मानित

भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अपनी अंतरिक्ष यात्रा के दौरान अंतरिक्ष में मेथी और मूंग की खेती कर एक नई उपलब्धि हासिल की। आज रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में शुभांशु शुक्ला और अन्य गगन यात्रियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने शुभांशु शुक्ला से कहा कि उनके अंदर का किसान अंतरिक्ष में जाकर भी जीवित रहा और उन्होंने अंतरिक्ष में खेती कर देशवासियों को प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि यह अनुभव भविष्य के अंतरिक्ष मिशनों में बहुत मददगार साबित होगा।

इस मौके पर राजनाथ सिंह ने कहा कि शुभांशु की यह यात्रा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और दिखाएगी कि कठिन राहों पर भी यदि श्रद्धा और मेहनत हो तो आकाश भी सीमा नहीं रह जाता। रक्षा मंत्री ने बताया कि शुभांशु शुक्ला केवल वायु सेना का ही नहीं, बल्कि पूरे भारत और मानवता का प्रतिनिधि बने। उन्होंने कहा कि आज भारत अंतरिक्ष में केवल तकनीकी शक्ति या सैन्य ताकत के लिए नहीं बल्कि मानव सभ्यता की सामूहिक यात्रा और आत्मनिर्भर भारत के नए अध्याय के लिए सक्रिय है। राजनाथ सिंह ने चंद्रयान और मंगलयान सहित भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया और कहा कि भारत इसे आने वाले भविष्य की अर्थव्यवस्था, सुरक्षा, ऊर्जा और मानवता के दृष्टिकोण से देखता है।

रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष यात्री बनने की कठिन ट्रेनिंग प्रक्रिया को मात्र ढाई महीनों में पूरा कर दिखाया, जबकि आम तौर पर यह प्रक्रिया 2 से ढाई वर्षों तक चलती है। उन्होंने इसे शुभांशु की लगन, समर्पण और भारतवासियों के मेहनती मन का प्रतीक बताया। राजनाथ सिंह ने कहा कि इस यात्रा से मिली तकनीकें, जैसे संचार उपग्रह, मौसम निगरानी और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के साधन, आज भारत के गांव-गांव और खेत-खेत तक पहुंच रही हैं। उन्होंने भविष्य में अंतरिक्ष खनन और डीप स्पेस एक्सप्लोरेशन के महत्व पर भी जोर दिया।-(IANS)

RELATED ARTICLES

2 hours ago | 24x7 Uninterrupted Power Supply in India

केंद्र ने 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए राज्यों को ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ाने की दी सलाह

केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मिशन मोड में ऊर्जा भंडारण क्षमता स्थाप...

3 hours ago | 49.6 Crore People Lifted Out of Poverty in India

12 वर्षों में 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर, जानिए कैसे बदली भारत की तस्वीर

भारत में 2011 से 2023 के बीच अनुमानित 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। इस दौरान निम्न-मध्यम आय वाले देशों ...