11 से 13 सितंबर तक होने वाले 18वें ब्रिक्स लीडर्स समिट को देखते हुए दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल 3 पर अंतरराष्ट्रीय यात्री हैंडलिंग क्षमता बढ़ाने की तैयारी पूरी कर ली है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में संभावित बढ़ोतरी को संभालने के लिए टर्मिनल 3 के ‘पियर सी’ को चरणबद्ध तरीके से अंतरराष्ट्रीय संचालन के लिए सक्रिय किया जा रहा है।
पियर सी का चरणबद्ध संचालन शुरू
आवश्यक सुरक्षा और ऑपरेशनल जांच तथा मंजूरियां पूरी होने के बाद 9 सितंबर की रात से पियर सी को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए धीरे-धीरे चालू किया जाएगा। शुरुआत में यह अंतरराष्ट्रीय आगमन (अराइवल) के लिए उपलब्ध रहेगा। 10 सितंबर की शाम से यहां आगमन और प्रस्थान (डिपार्चर) दोनों सेवाएं शुरू होने की योजना है। पूरी तरह चालू होने पर टर्मिनल 3 की अंतरराष्ट्रीय यात्री हैंडलिंग की वार्षिक क्षमता 50 प्रतिशत बढ़कर 31 मिलियन पैसेंजर्स प्रति वर्ष (एमपीपीए) हो जाएगी। यह कदम डायल की व्यापक तैयारी योजना का हिस्सा है, जिसे सीआईएसएफ, नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस), एयरलाइंस, ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों, इमिग्रेशन, कस्टम्स और अन्य प्रमुख हितधारकों के साथ मिलकर तैयार किया गया है। इससे समिट के दौरान सुचारू और सुरक्षित संचालन सुनिश्चित होगा।
डायल सीईओ का बयान: उच्चतम मानकों के साथ तैयार
डायल के सीईओ प्रदीप सिंह पणिकर ने कहा, “दिल्ली एयरपोर्ट ब्रिक्स समिट के लिए राष्ट्रीय राजधानी आ रहे नेताओं, गणमान्य व्यक्तियों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है। हमने सभी सुरक्षा और ऑपरेशनल हितधारकों के साथ व्यापक तैयारी के उपाय किए हैं, ताकि सुरक्षा और यात्री अनुभव के उच्चतम मानकों को बनाए रखते हुए अंतरराष्ट्रीय ट्रैफिक में संभावित बढ़ोतरी को कुशलतापूर्वक संभाला जा सके। पियर सी के चालू होने से टर्मिनल 3 पर हमारी अंतरराष्ट्रीय हैंडलिंग क्षमता और मजबूत होती है तथा इस महत्वपूर्ण वैश्विक आयोजन के दौरान अतिरिक्त लचीलापन मिलता है। हमारी टीमें चौबीसों घंटे काम कर रही हैं ताकि एयरपोर्ट का सुचारू संचालन और सभी यात्रियों के लिए आसान अनुभव सुनिश्चित हो।”
बड़े विमानों और बढ़ती मांग के लिए बेहतर तैयारी
पियर सी को अंतरराष्ट्रीय संचालन के लिए तैयार करने से न सिर्फ क्षमता बढ़ी है, बल्कि अगली पीढ़ी के बड़े आकार वाले वाइड-बॉडी विमानों को संभालने की सुविधा भी बेहतर हुई है। यह डायल के उन व्यापक प्रयासों का हिस्सा है, जिनका मकसद दिल्ली एयरपोर्ट की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय विमानन मांग को पूरा करना है। समिट के दौरान संचालन निर्बाध रखने और यात्रियों को बिना परेशानी के अनुभव देने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल भी सुनिश्चित किया गया है। भारत मंडपम में होने वाले इस समिट में ब्रिक्स सदस्य और साझेदार देशों के नेता, वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल, अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख और व्यावसायिक प्रतिनिधि शामिल होने वाले हैं। दिल्ली एयरपोर्ट इस हाई-प्रोफाइल आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है। (इनपुट-एजेंसी)


