दिल्ली सरकार लगाएगी 50,000 नए सीसीटीवी कैमरे: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि सरकार लोगों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 50,000 सीसीटीवी कैमरे लगाएगी।

सीएम गुप्ता ने सोमवार को महिला कॉलेजों की छात्र प्रतिनिधियों के साथ संवाद के दौरान महिला सुरक्षा को लेकर सरकार की ओर से उठाए गए विभिन्न कदमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अंधेरे वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां स्ट्रीट लाइट लगाने, नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने और कॉलेज परिसरों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती जैसे उपाय किए गए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेजों की निर्वाचित प्रतिनिधियों द्वारा सीसीटीवी से जुड़ी चिंताओं को उठाए जाने पर गुप्ता ने कहा कि पूरी दिल्ली में 50,000 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का प्रस्ताव है।

उन्होंने कहा कि नियमित रखरखाव और देखरेख सुनिश्चित करने के लिए इन कैमरों के सुचारू संचालन को वार्षिक रखरखाव अनुबंध (एएमसी) के तहत रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर बातचीत के दौरान पूरी दिल्ली में स्मार्ट स्ट्रीट लाइटिंग की योजना की भी रूपरेखा पेश की। (भाषा)