प्रतिक्रिया | Tuesday, March 04, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में, आईएमडी ने 3 फरवरी को बारिश की भविष्यवाणी की

राष्ट्रीय राजधानी में आज (गुरुवार) सुबह कोहरे की हल्की परत देखी गई जबकि सुबह 8 बजे एक्यूआई (AQI) 381 पर था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली में आज सुबह 5.30 बजे तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 1 फरवरी तक अगले दो दिनों के लिए ‘मध्यम कोहरे’ की भविष्यवाणी की है जबकि 3 फरवरी को दिल्ली में बारिश की भविष्यवाणी की है।

वहीं, न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है जबकि अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। दिल्ली में गिरते तापमान के बीच कई बेघर लोगों ने रैन बसेरा घरों में शरण ली। दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआईबी) ने बेघर लोगों को आश्रय प्रदान करने के लिए 235 पगोडा टेंट स्थापित किए हैं। एम्स, लोधी रोड और निज़ामुद्दीन फ्लाईओवर सहित राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में रैन बसेरे स्थापित किए गए हैं।

आपको बता दें राष्ट्रीय राजधानी एक बार फिर से बढ़े हुए वायु प्रदूषण से जूझ रही है, आज सुबह 8 बजे AQI 381 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण बोर्ड नियंत्रण (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार आनंद विहार में एक्यूआई 394, चांदनी चौक में 386, आईटीओ में 364, नजफगढ़ में 339, ओखला फेस- 2 में 393, आरके पुरम में 372, पटपड़गंज में 395 और वज़ीरपुर सुबह 8 बजे तक 415 है।

कल हवा की गुणवत्ता खराब होने और प्रदूषण का स्तर ‘गंभीर’ तक पहुंचने के बाद, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) के चरण-III के तहत सभी कार्यों को तत्काल प्रभाव से लागू करने का आदेश दिया। दिल्ली का AQI, जो 28.01.2025 को 276 दर्ज किया गया था। वहीं, धुंध की स्थिति के कारण 29.01.2025 को शाम 4:00 बजे 365 दर्ज किया गया है। आईएमडी/आईआईटीएम के पूर्वानुमान से पता चलता है कि आने वाले दिनों में इसी तरह की स्थिति बनी रहेगी।

इस बीच आज अयोध्या के कुछ हिस्सों में कोहरा छाया रहा और शहर शीतलहर की चपेट में रहा। प्रयागराज में भी कोहरा छाया रहा। इस सर्द मौसम के बीच चल रहे महाकुंभ में हिस्सा लेने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। (इनपुट-एएनआई)

 

 

आगंतुकों: 19298199
आखरी अपडेट: 4th Mar 2025