आजमगढ़-गोरखपुर को 1,250 करोड़ रुपए से अधिक की विकास सौगात, 358 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और गोरखपुर जनपदों में विकास कार्यों को नई गति मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को आजमगढ़ में 955 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली 39 बड़ी विकास परियोजनाओं तथा गोरखपुर में 295 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली 319 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए जाएंगे। दोनों जिलों में कुल 358 परियोजनाओं पर काम शुरू या पूरा होने जा रहा है, जिनकी कुल लागत 1,250 करोड़ रुपए से अधिक है।

क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति

इन परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि ये विकास कार्य क्षेत्रीय विकास को नई गति प्रदान करेंगे। उनका दावा है कि इन परियोजनाओं के माध्यम से जनसुविधाओं का विस्तार होगा, रोजगार और अवसरों में वृद्धि होगी तथा लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।

एक्स पर साझा किया संदेश

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शनिवार को साझा किए गए एक पोस्ट में मुख्यमंत्री ने लिखा, “आज ऋषि-मुनियों की पावन तपोभूमि आजमगढ़ एवं महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पुण्यभूमि गोरखपुर विकास, जनविश्वास और लोककल्याण के नए संकल्पों की साक्षी बनेगी। आजमगढ़ में 955 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से 39 और गोरखपुर में 295 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से 319 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के साथ विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे।”

जनसुविधाओं और अवसरों में होगा विस्तार

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में आगे कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्रीय विकास को नई गति देने के साथ-साथ जनसुविधाओं, अवसरों और जीवन की गुणवत्ता में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बनेंगी। उन्होंने दोनों जिलों के लोगों को इस अवसर पर बधाई भी दी।

आजमगढ़ दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट

आजमगढ़ में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम स्थल महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। (इनपुट: आईएएनएस)