महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की। फडणवीस ने केंद्र और महाराष्ट्र सरकार की संयुक्त परियोजनाओं के लिए केंद्र से अतिरिक्त सहयोग का अनुरोध किया। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मुलाकात की पुष्टि की।
विकास परियोजनाओं की प्रगति पर पीएम मोदी से चर्चा
फडणवीस ने प्रधानमंत्री मोदी को राज्य में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने मुलाकात को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने विकास से जुड़े मुद्दों पर मार्गदर्शन दिया। मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र के लिए लगातार सहयोग देने को लेकर प्रधानमंत्री के प्रति आभार भी जताया।
मुंबई-वधावन कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट के लिए जेआईसीए फंडिंग की मांग
दिल्ली दौरे के दौरान फडणवीस ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मुलाकात की। उन्होंने मुंबई-वधावन एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट के लिए जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जेआईसीए) से फंडिंग मंजूर करने का अनुरोध किया। इस परियोजना में प्रस्तावित उत्तन-विरार सी लिंक भी शामिल है। फडणवीस के अनुसार, वित्त मंत्री ने इस अनुरोध पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
पर्यावरणीय मंजूरियों में तेजी लाने की मांग
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से भी मुलाकात की। इस दौरान महाराष्ट्र की विभिन्न परियोजनाओं से जुड़ी लंबित पर्यावरणीय मंजूरियों और स्वीकृतियों पर चर्चा हुई। फडणवीस ने परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति से अवगत कराते हुए मंजूरी प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध किया, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने बताया कि यादव ने महाराष्ट्र की परियोजनाओं को जल्द पर्यावरणीय मंजूरी देने का आश्वासन दिया।
धर्मेंद्र प्रधान से भी मिले फडणवीस
नई दिल्ली यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री फडणवीस ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भी मुलाकात की। फडणवीस ने इस मुलाकात को सुखद बताया और धर्मेंद्र प्रधान को अपना ‘भाई’ बताया। (इनपुट: एजेंसी)


