ढाका विमान हादसा: भारतीय उच्चायोग ने बांग्लादेश सरकार को भेजा पत्र, घायलों के इलाज में सहयोग की पेशकश

भारतीय उच्चायोग ने बांग्लादेश सरकार को पत्र लिखकर माइलस्टोन स्कूल हादसे में घायल लोगों के लिए भारत में आवश्यक किसी भी महत्वपूर्ण चिकित्सा सहायता की जानकारी साझा करने का अनुरोध किया है। भारतीय उच्चायोग ने यह भी कहा कि घायलों के उपचार के लिए भारत की ओर से सभी आवश्यक सुविधाएं और समर्थन सुनिश्चित किया जाएगा। माइलस्टोन स्कूल हादसे को लेकर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग देने की पेशकश की थी। इसी क्रम में, भारतीय उच्चायोग ने मंगलवार को औपचारिक रूप से बांग्लादेश सरकार को पत्र लिखा है।

आपको बता दें, ढाका विमान हादसे के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा था,”ढाका में हुए विमान हादसे में कई लोगों की (जिनमें अधिकतर छात्र हैं) मौत और घायल होने की खबर से बेहद दुखी और स्तब्ध हूं। हम दुख की घड़ी में परिवारों के साथ हैं। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। भारत इस मुश्किल घड़ी में बांग्लादेश के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता देने को तैयार है।”

वहीं, इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने मंगलवार को बताया है कि इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है, जिसमें 25 छात्र हैं। इन छात्रों में कई 12 साल से कम उम्र के हैं। अन्य दो पीड़ितों में विमान का पायलट और स्कूल शिक्षिका शामिल हैं।

करीब 78 लोगों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है, जिनमें पांच की हालत गंभीर बनी हुई है। 20 शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं, जबकि छह शवों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है; इनके डीएनए सैंपल ले लिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को वायुसेना के एफ-7 बीजीआई ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट ने स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 1 बजकर 6 मिनट पर उड़ान भरी थी। करीब डेढ़ बजे एयरक्राफ्ट ढाका के उत्तरा स्थित माइलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज की इमारत से टकरा गया था। (इनपुट-आईएएनएस)

 

RELATED ARTICLES

21 mins ago

भारत और UAE के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा

भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने सोमवार को व्यापार, निवेश और बिज़नेस सहयोग को और बढ़ाने के तरीकों ...

28 mins ago | India and Switzerland

भारत, स्विट्जरलैंड व्यापार संबंध बढ़ाने पर सहमत; प्रवासन और आवाजाही से जुड़े समझौते पर हस्ताक्षर किए

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और स्विस राष्ट्रपति गी पार्मेलॉ के बीच वार्ता के बाद, भारत और स्विट...