प्रतिक्रिया | Friday, April 25, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

भारत के नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रिटोरिया में 22 से 23 अप्रैल को दक्षिण अफ्रीका के साथ व्यापार और निवेश पर एक संयुक्त कार्य समूह की बैठक आयोजित की। व्यापक चर्चाओं में दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों में हाल के घटनाक्रमों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया और आगे विस्तार की विशाल अप्रयुक्त संभावनाओं को मान्यता दी। इस संबंध में, दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापार और पारस्परिक रूप से लाभकारी निवेश को बढ़ाने के लिए कई फोकस क्षेत्रों की पहचान की।

वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार, जेटीसी की सह-अध्यक्षता दक्षिण अफ्रीका गणराज्य के व्यापार, उद्योग और प्रतिस्पर्धा विभाग में द्विपक्षीय व्यापार संबंधों के मुख्य निदेशक मालोस लेट्सोआलो और प्रिया नायर, आर्थिक सलाहकार, वाणिज्य विभाग ने की। भारतीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल में दक्षिण अफ्रीका स्थित भारतीय उच्चायोग, उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) तथा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अधिकारी शामिल थे। भारत और दक्षिण अफ्रीका दोनों के अधिकारियों ने भारत-दक्षिण अफ्रीका जेडब्ल्यूजीटीआई की कार्यवाही में सक्रिय रूप से भाग लिया।

दोनों पक्षों ने फार्मास्यूटिकल्स, स्वास्थ्य सेवा, कृषि, एमएसएमई, आभूषण निर्माण जैसे सहयोग के संभावित क्षेत्रों की समीक्षा की।

जेडब्ल्यूजीटीआई में चर्चा के मुख्य बिंदुओं में सीईओ फोरम का पुनरुद्धार, निवेश में सहयोग, कृषि उत्पादों के संबंध में बाजार पहुंच के मुद्दे, भारतीय फार्माकोपिया की मान्यता, स्थानीय मुद्रा निपटान प्रणाली, त्वरित भुगतान प्रणाली और एकीकृत भुगतान लिंकेज प्रणाली, भारत-एसएसीयू पीटीए आदि शामिल थे ताकि दोनों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक संबंधों को और बढ़ाया जा सके।

वहीं, दूसरी ओर व्यापार और निवेश पर भारत-दक्षिण अफ्रीका संयुक्त कार्य समूह की दूसरी बैठक में हुई चर्चाएं सौहार्दपूर्ण और दूरदर्शी रहीं, जो दोनों देशों के बीच सौहार्दपूर्ण और विशेष संबंधों का संकेत देती हैं।

उल्लेखनीय है, दक्षिण अफ्रीका, अफ्रीकी क्षेत्र में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच द्विपक्षीय व्यापार 2023-24 में 19.25 बिलियन अमेरिकी डॉलर रहा। भारतीय उद्यमियों द्वारा अप्रैल 2000 से सितंबर 2024 तक दक्षिण अफ्रीका में 1.3 बिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक का निवेश किया गया है। ये निवेश फार्मास्यूटिकल्स, आईटी, ऑटोमोटिव, बैंकिंग और खनन सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुए हैं।

आगंतुकों: 24505062
आखरी अपडेट: 25th Apr 2025