भारत और मिस्र ने संचार और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। यह बातचीत मिस्र में भारत के राजदूत सुरेश रेड्डी और मिस्र के संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री राफत हिंदी के बीच हुई बैठक में हुई।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच X पर बताया कि दोनों अधिकारियों ने संचार और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में सहयोग को और गहरा करने के मुद्दे पर विचार साझा किए।
बैठक में भारत की डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचा (DPI) के क्षेत्र में सफलता और दूसरे देशों में इसकी उपयोगिता पर चर्चा हुई। इसके अलावा संस्थागत सहयोग बढ़ाने और दोनों देशों की सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) कंपनियों के बीच अधिक संपर्क और सहयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
स्वास्थ्य और फार्मा क्षेत्र में भी सहयोग पर चर्चा
इससे पहले 14 सितंबर को सुरेश रेड्डी ने मिस्र के स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार से मुलाकात की थी। दोनों पक्षों ने स्वास्थ्य सेवा और दवा क्षेत्र में सहयोग के नए अवसर तलाशे थे।
बैठक में अस्पताल प्रबंधन और दवा क्षेत्र की क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ ज्ञान साझा करने और भविष्य के लिए स्वास्थ्य प्रणालियों को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
दोनों पक्षों ने पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग पर भी विचार किया और ज्ञान, विशेषज्ञता तथा बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करने के महत्व पर जोर दिया।
BRICS Summit के दौरान भी हुई थी भारत-मिस्र की चर्चा
हाल ही में मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS Summit में हिस्सा लेने भारत आए थे। यात्रा के दौरान उन्होंने 13 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों नेताओं ने भारत-मिस्र रणनीतिक साझेदारी में आई मजबूती की समीक्षा की और व्यापार एवं निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, तकनीक, संपर्क तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।
दोनों नेताओं ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत और मिस्र BRICS सहित विभिन्न मंचों के माध्यम से Global South की प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।
बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि उन्होंने राष्ट्रपति अल-सिसी के साथ क्षेत्रीय मुद्दों और हाल के वर्षों में तेजी से मजबूत हो रही भारत-मिस्र मित्रता सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
-(इनपुटः IANS)


