भारत-पोलैंड के बीच हितों का कोई टकराव नहीं, दोस्ती भरोसे और साझा मूल्यों पर टिकी: डोनाल्ड टस्क

पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने गुरुवार को कहा कि भारत और पोलैंड के बीच हितों का कोई टकराव नहीं है। दोनों देश भरोसे, साझा मूल्यों और विचारों के आधार पर अपनी दोस्ती को और मजबूत कर रहे हैं। नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए टस्क ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी चर्चा को “सार्थक और महत्वपूर्ण” बताया।

रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर जोर

पोलैंड के प्रधानमंत्री ने कहा, “हमने अभी प्रधानमंत्री मोदी के साथ इस विषय पर बहुत महत्वपूर्ण और सार्थक चर्चा पूरी की है कि पोलैंड और भारत अपनी रणनीतिक साझेदारी को कैसे विकसित और मजबूत कर सकते हैं। इस साझेदारी को स्थापित करने का निर्णय अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री मोदी की वारसॉ यात्रा के दौरान लिया गया था।” उन्होंने बताया कि आज दोनों नेताओं ने इसके शुरुआती नतीजों की समीक्षा की और आने वाले वर्षों में सहयोग की प्राथमिकताओं को तय किया।

“हमारे बीच कोई ऐतिहासिक मुद्दा नहीं”

टस्क ने कहा कि पोलैंड और भारत के बीच तालमेल बहुत स्वाभाविक है। उन्होंने स्पष्ट किया, “हमारे हितों में कोई टकराव नहीं है। हमारे बीच कोई ऐसा ऐतिहासिक मुद्दा नहीं है जो हमें बांटता हो। हम अपनी दोस्ती को भरोसे, साझा मूल्यों और विचारों – जैसे कि अहिंसा के विचार – पर गढ़ रहे हैं।” उन्होंने कहा कि पोलैंड, भारत की परंपरा और इतिहास से प्रेरित है। पोलैंड की महान ‘सॉलिडेरिटी’ क्रांति भी अहिंसा पर आधारित थी।

पीएम मोदी को मित्र कहने पर गर्व

डोनाल्ड टस्क ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा, “मुझे इस बात पर बहुत गर्व है कि मैं खुद को आपका दोस्त कह सकता हूं, प्रधानमंत्री जी।” उन्होंने वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका की सराहना करते हुए इसे “अस्थिरता, अनिश्चितता और राजनीतिक उथल-पुथल के दौर में उम्मीद की एक किरण” बताया। उन्होंने कहा कि भारत जैसे शक्तिशाली देश के प्रधानमंत्री के रूप में मोदी सभी के लिए उम्मीद की मिसाल हैं।

आर्थिक सफलता और जी20 सहयोग

दोनों देशों की आर्थिक वृद्धि का जिक्र करते हुए टस्क ने कहा कि पिछले 35 साल भारत और पोलैंड के लिए अभूतपूर्व आर्थिक सफलता और तेज विकास के रहे हैं। दुनिया दोनों देशों के विकास को ईर्ष्या से देखती है। उन्होंने जी20 शिखर सम्मेलनों में भारत के साथ करीबी सहयोग और साझेदारी के प्रस्ताव के लिए आभार व्यक्त किया। टस्क ने भरोसा जताया कि दोनों देश इन मंचों पर एक-दूसरे का समर्थन करेंगे, जिससे दोनों देशों और पूरी दुनिया को फायदा होगा।

ऐतिहासिक मित्रता और एकजुटता का जिक्र

पोलैंड के प्रधानमंत्री ने ‘अच्छे महाराजा’ (गुड महाराजा) का जिक्र करते हुए कहा कि वे आज भी पोलैंड के दिलों और सामूहिक स्मृति में बसे हुए हैं। उन्होंने याद दिलाया कि रूस के यूक्रेन पर हमले के नाजुक समय में पोलैंड ने यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों की देखभाल की थी। टस्क ने इसे “एकजुटता, विश्वास और दोस्ती” का जीता-जागता उदाहरण बताया। उन्होंने कहा, “मुझे यकीन है कि हम कभी आपको निराश नहीं करेंगे, और आप भी हमें कभी निराश नहीं करेंगे।” (इनपुट-एजेंसी)