वैभव सूर्यवंशी पर दबाव न बनाएं, वह भारत के लिए कमाल करेगा: चमिंडा वास

श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज चमिंडा वास ने 15 वर्षीय भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उनमें सफल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बनने के सभी गुण मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि वैभव को एक खिलाड़ी के रूप में विकसित होने का समय दिया जाना चाहिए और उन पर अनावश्यक दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए। वास इन दिनों तेलंगाना टी20 लीग में पलामुरु स्ट्राइकर्स के मेंटर के रूप में भारत में हैं।

वैभव को समय देने की जरूरत: वास

चमिंडा वास ने कहा, “भारत ने पिछले कुछ वर्षों में लगातार विश्वस्तरीय युवा क्रिकेटर दिए हैं। वैभव सूर्यवंशी अभी बहुत युवा हैं। एक खिलाड़ी के रूप में उसे विकसित होने का समय दिया जाए। मुझे यकीन है कि उसे भारत के लिए खेलने और अच्छा प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा। वह राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह बनाएगा और कमाल करेगा। मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि उस पर दबाव न डालें।”

आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद मिली पहचान

वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2025 में पदार्पण के बाद से लगातार सुर्खियों में हैं। आईपीएल 2025 में शतक लगाने के बाद उन्होंने इंडिया ए और भारत अंडर-19 टीम के लिए भी विभिन्न प्रारूपों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की। इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें भारतीय टी20 टीम में भी जगह मिली।

तेलंगाना टी20 लीग की सराहना की

चमिंडा वास ने कहा कि तेलंगाना टी20 लीग जैसे टूर्नामेंट युवा प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा, “हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन का पहला तेलंगाना टी20 टूर्नामेंट युवाओं के लिए बेहतरीन पहल है। सभी टीमों में काफी प्रतिभा है। पलामुरु स्ट्राइकर्स में भी कई युवा खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। टीम के तौर पर हमारा प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन कई खिलाड़ियों ने प्रभावित किया है।”

भारतीय क्रिकेट का ढांचा युवाओं के लिए आदर्श

देश की अन्य घरेलू टी20 प्रतियोगिताओं की तुलना पर वास ने कहा कि भारतीय क्रिकेट का ढांचा युवा खिलाड़ियों को लगातार अवसर देने का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा, “भारतीय क्रिकेट ने युवाओं के लिए बहुत अच्छा काम किया है। सिर्फ हैदराबाद ही नहीं, लगभग हर राज्य में टी20 टूर्नामेंट आयोजित किए जाते हैं। इससे खिलाड़ियों को भरपूर अनुभव और एक्सपोजर मिलता है, जो आगे चलकर आईपीएल और भारतीय टीम तक पहुंचने में मदद करता है।” (इनपुट: आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

27/11/26 | 7:59 pm

भूख और अभावों से विश्व चैंपियन बनने तक: दीपिका टी.सी. ने हौसले से बदली अपनी तकदीर

कुछ कहानियां किसी बड़े सपने से नहीं, जिंदगी की छोटी-छोटी जरूरतों और मुश्किलों से शुरू होती हैं। ...

27/11/26 | 10:15 am | Australia Cricket

8 साल बाद फिर खुलेंगी बॉल-टैम्परिंग विवाद की फाइलें, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बनाया स्वतंत्र समीक्षा पैनल

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने वरिष्ठ अधिवक्ता फियोना मैकलियोड एओ एससी को एक स्वतंत्र समीक्षा पै...