म्यांमार से जुड़े ड्रग तस्करी नेटवर्क पर DRI का शिकंजा, 50 किलो मेथामफेटामाइन जब्त

राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने पूर्वोत्तर भारत में म्यांमार से जुड़े मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 किलोग्राम मेथामफेटामाइन जब्त की है। इसमें 30 किलोग्राम टैबलेट (याबा) और 20 किलोग्राम क्रिस्टल मेथ शामिल है। मिजोरम और असम में लगातार दो खुफिया अभियानों के दौरान यह कार्रवाई की गई। मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

DRI ने यह कार्रवाई असम राइफल्स की मदद से की। सभी आरोपियों को स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act), 1985 के संबंधित प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है।

DRI को जोखावथर से आइजोल और सिलचर की ओर मादक पदार्थों की कई खेप ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर 29 अक्टूबर 2026 को अधिकारियों ने असम राइफल्स के सहयोग से आइजोल-चम्फाई रोड पर आइजोल के बाहरी इलाके में एक महिंद्रा बोलेरो कैंपर को रोका।

वाहन की तलाशी के दौरान कार्यालय में इस्तेमाल होने वाली एक टेबल के भीतर विशेष रूप से बनाई गई जगह से गुलाबी-नारंगी रंग की गोलियों के 30 पैकेट बरामद किए गए। इनका कुल वजन 30 किलोग्राम था। तस्करों ने टेबल के साथ स्टोरेज कैबिनेट का इस्तेमाल किया था, ताकि वाहन सामान्य कार्यालय या घरेलू सामान ले जाता हुआ दिखाई दे।

DRI के अनुसार, फर्नीचर के भीतर मादक पदार्थ छिपाकर ले जाने का यह तरीका तस्करी का नया तरीका है, जिसका उद्देश्य जांच एजेंसियों को धोखा देना था।

इसके बाद 30 अक्टूबर को एक अन्य खुफिया अभियान में DRI अधिकारियों ने असम राइफल्स की सहायता से सिलचर से करीब 40 किलोमीटर दूर धोलाई में एक अशोक लेलैंड ट्रक और बोलेरो कैंपर को रोका।

ट्रक की तलाशी में क्रिस्टल मेथामफेटामाइन के 20 पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 20 किलोग्राम था। इन्हें ड्राइवर के केबिन के ऊपर छिपाया गया था और विदेशी निशान वाले चाय के पैकेटों में रखा गया था, ताकि जांच के दौरान इनकी पहचान न हो सके। मौके पर किए गए परीक्षण में बरामद पदार्थ में एम्फेटामाइन की मौजूदगी के संकेत मिले।

दोनों अभियानों में कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। तस्करी में इस्तेमाल किए गए तीनों वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है।

प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि जब्त किए गए मादक पदार्थों की तस्करी म्यांमार से की गई थी। यह कार्रवाई पूर्वोत्तर क्षेत्र में DRI की हालिया 232 किलोग्राम और 56 किलोग्राम मेथामफेटामाइन की दो बड़ी जब्तियों के बाद हुई है।

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार से सिंथेटिक ड्रग्स की तस्करी के व्यापक नेटवर्क और उसकी गतिविधियों का पता चलता है। DRI ऐसे नेटवर्क की पहचान कर उन्हें ध्वस्त करने के लिए लगातार अभियान चला रहा है।

DRI ने कहा कि वह संगठित मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क को बाधित करने, सिंथेटिक ड्रग्स के प्रसार को रोकने और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग से होने वाले सामाजिक एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य संबंधी नुकसान से देश की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

-(इनपुटः पीआईबी)

RELATED ARTICLES