19 मई को भुवनेश्वर में होगा पूर्वी क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन, शिवराज सिंह चौहान करेंगे अध्यक्षता

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर 19 मई 2026 को भुवनेश्वर में पूर्वी क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में मोहन चरण मांझी भी शामिल होंगे।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक, किसान प्रतिनिधि, कृषि विशेषज्ञ, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), स्टार्टअप, बैंक और अन्य हितधारक भाग लेंगे।

कृषि विकास और किसान कल्याण पर होगा मंथन

सम्मेलन का उद्देश्य कृषि क्षेत्र के समग्र विकास, किसानों की आय बढ़ाने और केंद्र व राज्य सरकारों के बीच समन्वय को और मजबूत करना है। कार्यक्रम के दौरान कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा और विचार-विमर्श भी होगा।

कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर होगी चर्चा

सम्मेलन में किसान रजिस्ट्री की प्रगति, बागवानी क्षेत्र की संभावनाएं, दलहन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता मिशन, राष्ट्रीय खाद्य तेल-तिलहन मिशन (एनएमईओ-ओएस), पीएम-आशा, राष्ट्रीय प्राकृतिक कृषि मिशन, फार्म क्रेडिट और किसान क्रेडिट कार्ड से जुड़े विषयों पर विशेष चर्चा की जाएगी।

इसके अलावा नकली कीटनाशकों और उर्वरकों पर नियंत्रण, उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने, संतुलित उपयोग को बढ़ावा देने और वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से मंथन होगा।

राज्यों की सफल पहलों की होगी प्रस्तुति

सम्मेलन में विभिन्न राज्यों द्वारा कृषि क्षेत्र में अपनाई गई सफल पहलों और नवाचारों को भी साझा किया जाएगा। ओडिशा कृषि विस्तार कार्यों, पश्चिम बंगाल बीज उत्पादन की श्रेष्ठ पद्धतियों, झारखंड एफपीओ आधारित मूल्य श्रृंखला एवं कृषि स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र तथा बिहार मक्का उत्पादन और विपणन से जुड़े सफल अनुभवों को साझा करेगा।

कृषि क्षेत्र की भविष्य की रणनीति पर होगा फोकस

केंद्रीय कृषि मंत्रालय के अनुसार, यह सम्मेलन किसानों के हित में कृषि क्षेत्र की चुनौतियों के समाधान, नवाचारों के आदान-प्रदान और सतत कृषि विकास के लिए भविष्य की रणनीति तैयार करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। सम्मेलन के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री मीडिया को भी संबोधित करेंगे। (इनपुट: पीआईबी)