चुनावी अभियानों में मीडिया की भूमिका पर ईसीआई का अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शुरू, डीपफेक और फेक न्यूज पर होगा मंथन

भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने चुनावी प्रक्रियाओं और अभियानों में मीडिया से जुड़ी वैश्विक सर्वोत्तम प्रणालियों तथा नवाचारों पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया है। यह सम्मेलन 3 और 4 जून, 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (आईआईआईडीईएम) में आयोजित किया जा रहा है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने किया सम्मेलन का उद्घाटन

सम्मेलन को संबोधित करते हुए ज्ञानेश कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) सहित जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को नियमित प्रशिक्षण प्रदान करता है, ताकि 10 करोड़ से अधिक मतदाताओं के साथ निर्बाध संपर्क सुनिश्चित किया जा सके।

रिकॉर्ड मतदान ने बढ़ाया भरोसा

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि हाल ही में संपन्न राज्य विधानसभा चुनावों में अब तक की सर्वाधिक मतदाता भागीदारी दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि यह चुनावी प्रक्रिया में मतदाताओं के बढ़ते विश्वास और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती को दर्शाता है।

480 से अधिक प्रतिभागी ले रहे हिस्सा

इस सम्मेलन में जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), विषय विशेषज्ञ, शिक्षाविद, शोधकर्ता और चुनावी साक्षरता क्लब (ईएलसी) के सदस्यों सहित 480 से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। सम्मेलन चुनाव प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अनुभवों और सर्वोत्तम प्रणालियों के आदान-प्रदान का मंच प्रदान करेगा।

वैश्विक ज्ञान संसाधन तैयार करने पर जोर

सम्मेलन का उद्देश्य चुनाव प्रबंधन के विभिन्न आयामों में अंतरराष्ट्रीय अनुभवों, आदर्श मानकों और सर्वोत्तम प्रणालियों का दस्तावेजीकरण करना है। यह पहल 23 जनवरी, 2026 को भारत में लोकतंत्र और निर्वाचन प्रबंधन पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में स्वीकृत ‘दिल्ली घोषणा’ के तहत तैयार की जाने वाली अंतिम विषयगत रिपोर्ट में योगदान देगी।

डीपफेक और भ्रामक सूचनाओं पर विशेष चर्चा

सम्मेलन के दौरान चुनावी अभियानों में मीडिया की भूमिका से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इनमें गलत सूचना और भ्रामक जानकारी, एआई-जनित डीपफेक, कृत्रिम मीडिया, गैर-पारदर्शी डिजिटल राजनीतिक विज्ञापन और डिजिटल प्लेटफॉर्म प्रशासन जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से शामिल हैं।

कई संस्थानों के सहयोग से हो रहा आयोजन

दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा आईआईआईडीईएम और दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) के सहयोग से किया जा रहा है। यह आयोजन भारत की 2026 की इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसी एंड इलेक्टोरल असिस्टेंस (इंटरनेशनल आईडिया) की अध्यक्षता के तहत आयोजित किया जा रहा है। (इनपुट: पीआईबी)

RELATED ARTICLES

2 hours ago | India-EU FTA

भारत-ईयू एफटीए पर साल के अंत तक हो सकते हैं हस्ताक्षर : जर्मन राजदूत

भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) पर इस साल के अंत तक हस्ता...

5 hours ago | India-West Asia-Europe Economic Corridor

राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारे के लिए मजबूत समर्थन जताया

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारे (आईएमईसी) का पुर...