इजरायल में सरकार बनाने की कवायद तेज, राष्ट्रपति हर्ज़ोग ने शुरू किया परामर्श का दूसरा दिन

आम चुनाव के नतीजों में किसी भी दल या गठबंधन के स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के बाद इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग ने संसद (नेसेट) के विभिन्न गुटों के साथ राजनीतिक परामर्श का दूसरा दिन शुरू कर दिया है। इन चर्चाओं का मकसद यह है कि देश की अगली सरकार बनाने वाला कौन सा नेता सबसे उपयुक्त है।

छोटे गुटों से शुरू हुई औपचारिक बातचीत

‘द टाइम्स ऑफ इजरायल’ की रिपोर्ट के अनुसार, ये औपचारिक बैठकें मंगलवार शाम को छोटे संसदीय गुटों के साथ शुरू हुई थीं। इनमें रिलीजियस ज़ायोनिज्म, शस, यिसरायल बेतेनु और ज़ेहुत शामिल थे। राष्ट्रपति भवन से इन चर्चाओं का सीधा प्रसारण भी किया जा रहा है।

बुधवार को दिन भर की कार्यवाही में यूनाइटेड तोराह यहूदाइज्म, ओत्ज़मा येहुदित, द डेमोक्रेट्स, राआम, द जॉइंट लिस्ट और बीयाचाद के साथ बैठकें हुईं। इस क्रम के अंत में गादी आइसेनकोट के ‘याशर’ गुट ने राष्ट्रपति से मुलाकात की। इसके बाद मौजूदा प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुद पार्टी की प्रतिनिधिमंडल ने भी उनसे बातचीत की।

कैसे तय होता है जनादेश?

इस प्रक्रिया के दौरान हर गुट से औपचारिक रूप से पूछा जाता है कि वे प्रधानमंत्री पद के लिए किस उम्मीदवार का समर्थन करते हैं। इसके आधार पर राष्ट्रपति फैसला करते हैं कि किस राजनीतिक नेता को सरकार बनाने का पहला मौका (जनादेश) दिया जाए।

इजरायली कानून के मुताबिक, राष्ट्रपति को उस नेता को आमंत्रित करना होता है जिसके पास सरकार बनाने की सबसे अधिक संभावना हो। इसका मतलब यह नहीं है कि सबसे ज्यादा सीटें जीतने वाली पार्टी को अपने आप पहला मौका मिल जाएगा।

नेतन्याहू को किन दलों का समर्थन?

बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच ओत्ज़मा येहुदित और लिकुद दोनों ने सार्वजनिक रूप से बेंजामिन नेतन्याहू का समर्थन करने की घोषणा की है। ‘द यरुशलम पोस्ट’ के अनुसार, बुधवार की चर्चाओं के दौरान रिलीजियस ज़ायोनिस्ट पार्टी, शस और ज़ेहुत ने भी नेतन्याहू को प्रधानमंत्री बनाने का समर्थन दिया।

आइसेनकोट के पक्ष में जुट रहे दल

दूसरी ओर, याशर, द डेमोक्रेट्स, बीयाचाद और राआम ने गादी आइसेनकोट का समर्थन करने की बात कही है। ‘द टाइम्स ऑफ इजरायल’ और ‘द यरुशलम पोस्ट’ के अनुसार, एविग्डोर लिबरमैन के नेतृत्व वाली यिसरायल बेतेनु पार्टी ने भी अगली सरकार बनाने के लिए आइसेनकोट को अपना पसंदीदा उम्मीदवार बताया है।

यूनाइटेड तोराह जुडाइज्म के ‘देगेल हातोराह’ गुट के चार प्रतिनिधियों ने किसी भी उम्मीदवार को समर्थन न देने की घोषणा की है, जबकि ‘अगुदात यिसराएल’ के बाकी तीन सदस्यों ने अभी तक अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। अरब-बहुल जॉइंट लिस्ट ने भी अंतिम फैसला नहीं सुनाया है। वे या तो आइसेनकोट का समर्थन कर सकते हैं या तटस्थ रह सकते हैं।

किसे मिल सकता है पहला मौका?

‘द जेरूसलम पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, विभिन्न गुटों के शुरुआती रुख को देखते हुए गादी आइसेनकोट के ही राष्ट्रपति हर्ज़ोग द्वारा सरकार बनाने के लिए औपचारिक रूप से चुने जाने की सबसे अधिक संभावना है। कई राजनीतिक समूहों ने ‘याशर’ नेता का समर्थन करने के संकेत दिए हैं।

27 अक्टूबर को हुए विधायी चुनावों के बाद गठबंधन बनाने की ये कवायदें जारी हैं। इजरायल की नवनिर्वाचित 26वीं संसद का पहला सत्र मंगलवार, 10 नवंबर को आयोजित होने वाला है। (इनपुट-एजेंसी)