चुनाव आयोग ने तृणमूल कांग्रेस के दो गुटों के लिए नए नाम और चुनाव चिह्न की घोषणा कर दी है। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट को ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘फुटबॉल खिलाड़ी’ का चुनाव चिह्न दिया गया है। वहीं, पार्टी से निकाले गए विधायक ऋतब्रत बनर्जी के गुट को ‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘लिफाफा’ चिह्न आवंटित किया गया है। दोनों पार्टियों को पश्चिम बंगाल, मेघालय और त्रिपुरा में राजनीतिक दल के रूप में मान्यता दी गई है।
नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव में होंगे इस्तेमाल
ये नए नाम और चिह्न दोनों गुट 6 अक्टूबर को होने वाले नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव में इस्तेमाल करेंगे। इन सीटों के नतीजे 9 अक्टूबर को आएंगे। नंदीग्राम पूर्वी मेदिनीपुर और रेजीनगर मुर्शिदाबाद जिले में स्थित हैं। इससे पहले गुरुवार रात चुनाव आयोग ने मूल ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘घास-फूल’ चिह्न को फ्रीज कर दिया था।
दोनों गुटों ने भेजे थे विकल्प
ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट (मूल लेकिन अल्पमत) ने गुरुवार आधी रात के बाद नाम और चिह्न के तीन-तीन विकल्प आयोग को सौंपे थे। वहीं ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट (बागी लेकिन बहुमत) ने शुक्रवार सुबह अपने विकल्प जमा किए। आयोग ने शुक्रवार सुबह 11 बजे तक अंतिम समय सीमा तय की थी।
दोनों पक्षों के नेताओं ने विकल्प भेजने की पुष्टि तो की थी, लेकिन चुने गए नाम और चिह्न के बारे में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया था। वे आयोग के आधिकारिक ऐलान का इंतजार कर रहे थे। अब आयोग ने दोनों गुटों के लिए नाम और चिह्न फाइनल कर दिए हैं, जिससे उपचुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। (इनपुट-एजेंसी)


