उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भारत के कपास क्षेत्र को मजबूत बनाने और वस्त्र उद्योग में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक तकनीकों को तेजी से अपनाने की जरूरत पर जोर दिया है।
उन्होंने कपास मिशन के तहत किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नई तकनीकों और नवाचार को समय पर लागू करने के लिए मंजूरी प्रक्रिया को तेज और समयबद्ध बनाना जरूरी है।
उपराष्ट्रपति ने प्रति एकड़ कपास उत्पादन बढ़ाने की जरूरत बताते हुए कहा कि इसके लिए स्पष्ट लक्ष्य तय किए जाने चाहिए, ताकि भारत दुनिया के प्रमुख कपास उत्पादक देशों के साथ प्रतिस्पर्धा में और मजबूत हो सके।
उन्होंने कहा कि भारत को अच्छी गुणवत्ता वाले कपास की बढ़ती घरेलू और वैश्विक मांग को पूरा करने के लिए अपनी क्षमता को और मजबूत करना होगा।
बैठक में किसान कपास ऐप और वस्त्र क्षेत्र में टिकाऊ विकास के लिए नई पीढ़ी के प्राकृतिक रेशों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि कपास मिशन को लेकर लोगों में अधिक जागरूकता पैदा करने की जरूरत है। साथ ही बाजार की जरूरतों के अनुसार रणनीति अपनाने और सफल पहलों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मजबूत कपास व्यवस्था किसानों की आय बढ़ाने, उद्योग को मजबूती देने और भारत को वैश्विक वस्त्र बाजार में आगे ले जाने में अहम भूमिका निभाएगी।
(इनपुटः एजेंसी)


