ईएसआईसी अस्पतालों ने ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ के तहत देशभर में शुरू किए स्वास्थ्य शिविर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 17 सितंबर 8वें राष्ट्रीय पोषण माह के साथ ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ की शुरुआत की। यह अभियान 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगा और इसमें महिलाओं की सेहत और परिवारों को सशक्त बनाने पर जोर दिया गया है। इसी कड़ी में श्रम और रोजगार मंत्रालय के अधीन आने वाले कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) ने इस राष्ट्रीय पहल में भागीदारी करते हुए देशभर के 160 ईएसआई अस्पतालों में व्यापक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया है।

महिला स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान

ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, फरीदाबाद में पहले दिन महिला स्वास्थ्य, रोकथाम और सामुदायिक जागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम हुए। कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. पूजा गोयल (प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष) और डॉ. रोहित ढाका (सहायक प्रोफेसर एवं नोडल अधिकारी) ने किया। इस कार्यक्रम में महिलाओं की जांच और स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। वहीं औद्योगिक इकाइयों शाही एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड और ध्रुव ग्लोबल लिमिटेड में भी स्वास्थ्य शिविर लगे। यहां महिलाओं की गैर-संचारी रोगों (NCDs) और टीबी के लिए स्क्रीनिंग की गई। हीमोग्लोबिन स्तर, ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच कर हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, एनीमिया और सामान्य कैंसर का पता लगाया गया। साथ ही, जीवनशैली संबंधी रोग, मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण और टीकाकरण पर काउंसलिंग दी गई। शिविरों में निक्षय मित्र पहल के तहत लाभार्थियों का पंजीकरण भी हुआ और टीबी उन्मूलन की शपथ ली गई।

इसके अलावा, फरीदाबाद अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित हुआ, जिसमें ब्लड और सिंगल डोनर प्लेटलेट (SDP) दान करने वालों को सम्मानित किया गया। दान किए गए रक्त की सुरक्षित ट्रांसफ्यूजन के लिए सभी टेस्ट किए गए। यहां भी लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व पर जागरूक किया गया। महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर में गर्भावस्था जांच, पोषण संबंधी जांच, टीबी, डायबिटीज, एनीमिया और उच्च रक्तचाप की स्क्रीनिंग की गई। साथ ही, मुख, स्तन और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच भी हुई। शुरुआती पहचान के लिए पैप स्मीयर टेस्ट कराए गए।

हैदराबाद में 200 बिस्तरों वाले नए अस्पताल भवन का शुभारंभ हुआ

ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, सनथनगर, हैदराबाद ने 17 सितंबर 2025 को अपने नए 200 बिस्तरों वाले अस्पताल भवन में इन-हाउस कैंप सेवाओं की शुरुआत की। यह कार्यक्रम अभियान के हिस्से के रूप में आयोजित किया गया। लॉन्च कार्यक्रम में डॉ. सौरव कुमार दत्ता (मुख्य तकनीकी अधिकारी, ईएसआईसी) और राजीव लाल (क्षेत्रीय निदेशक, ईएसआईसी, हैदराबाद) समेत वरिष्ठ अधिकारी और फैकल्टी मौजूद रहे।
इस नए अस्पताल भवन के जरिए बीमाकृत लाभार्थियों और आम जनता को बेहतर और सस्ती चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। अस्पताल ने वार्षिक स्वास्थ्य जांच शिविर, रक्तदान शिविर और शपथ, स्वच्छता ही सेवा शपथ, योग सत्र और फार्माको-विजिलेंस वीक का आयोजन किया।

इन पहलों के जरिए न केवल महिलाओं और परिवारों को स्वास्थ्य सेवाएं दी गईं, बल्कि जीवनशैली सुधार, पोषण और महिला स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों पर भी जागरूकता फैलाई गई। ईएसआईसी ने इस अभियान को समर्थन देकर यह दिखाया कि महिलाओं की सेहत, परिवार की शक्ति और समाज की मजबूती के लिए रोकथाम आधारित स्वास्थ्य सेवाएं, शुरुआती पहचान और स्वास्थ्य शिक्षा बेहद अहम हैं। संस्था ने यह भी दोहराया कि वह राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राथमिकताओं में योगदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।-(PIB)