विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अमेरिकी ऊर्जा सचिव क्रिस राइट से की मुलाकात, ऊर्जा साझेदारी को बढ़ावा देने पर हुई चर्चा

भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) को वॉशिंगटन डीसी में अमेरिका के ऊर्जा सचिव क्रिस राइट से मुलाकात की। इस दौरान भारत में जारी ऊर्जा परिवर्तन की प्रक्रिया के साथ-साथ भारत-अमेरिका के बीच ऊर्जा साझेदारी को और मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा हुई। जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “यूएस ऊर्जा सचिव क्रिस राइट से वॉशिंगटन में मुलाकात कर भारत में हो रहे ऊर्जा परिवर्तन और भारत-अमेरिका ऊर्जा साझेदारी को गहरा करने के अवसरों पर सार्थक बातचीत हुई।”

इसके अलावा विदेश मंत्री जयशंकर ने अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेकसेथ से पेंटागन में मुलाकात की। उन्होंने भारत-अमेरिका रक्षा सहयोग को दोनों देशों के बीच “सबसे महत्वपूर्ण स्तंभों में से एक” बताया। जयशंकर ने ‘एक्स’ पर लिखा, “वॉशिंगटन में अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेकसेथ से मिलकर खुशी हुई। भारत-अमेरिका रक्षा साझेदारी को और आगे बढ़ाने पर चर्चा की, जिसमें हमारे हितों, क्षमताओं और जिम्मेदारियों का बढ़ता मेल शामिल है।” गौरतलब है कि जयशंकर की यह अमेरिकी यात्रा विदेश मंत्री मार्को रुबियो के निमंत्रण पर हो रही है। इस यात्रा के दौरान उन्होंने क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक (QFMM) में भाग लिया, जो ऑस्ट्रेलिया, जापान, अमेरिका और भारत के बीच रणनीतिक स्थिरता और हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र और समावेशी बनाए रखने पर केंद्रित थी। बैठक के बाद जयशंकर ने पोस्ट किया, “वॉशिंगटन डीसी में क्वाड विदेश मंत्रियों की एक बहुत ही सकारात्मक बैठक पूरी हुई। इसमें आधुनिक अवसरों और चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित करते हुए क्वाड को और प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।”

क्वाड बैठक के दौरान जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से अलग से मुलाकात की। दोनों मंत्रियों ने व्यापार, सुरक्षा, अत्याधुनिक तकनीकों, कनेक्टिविटी, ऊर्जा और आवागमन जैसे द्विपक्षीय मुद्दों पर विचार साझा किए। जयशंकर ने कहा, “विदेश मंत्री रुबियो के साथ द्विपक्षीय साझेदारी पर चर्चा करना सुखद अनुभव रहा।” वहीं जयशंकर ने ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग से भी मुलाकात की और भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी (Comprehensive Strategic Partnership) को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। उन्होंने लिखा, “पेनी वोंग से मुलाकात हमेशा की तरह अच्छी रही। हमारी चर्चा विश्वास और सहयोग की भावना को दर्शाती है।”

इसके अलावा, जयशंकर ने जापान के विदेश मंत्री ताकेशी इवाया से भी बैठक की, जिसमें इस वर्ष होने वाले भारत-जापान प्रधानमंत्री स्तरीय वार्षिक सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापानी प्रधानमंत्री फुमियो इशिबा ने कनाडा में G7 शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात की थी और अब दोनों देशों के बीच संबंधों में नई ऊर्जा लाने की दिशा में काम हो रहा है।-(ANI)

RELATED ARTICLES

8 hours ago | Ministry of External Affairs

ओमान तट के पास कमर्शियल जहाज पर हमला, 11 भारतीय नाविक घायल, भारत ने की कड़ी निंदा

भारत के विदेश मंत्रालय (एमईए) ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे कमर्शियल जहाज पर हमले की जानकारी दी...

9 hours ago | Admiral Samuel Paparo

भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर जोर, रक्षा सचिव ने एडमिरल पापारो से की मुलाकात

रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने मंगलवार को नई दिल्ली में अमेरिकी पैसिफिक कमांड के कमांडर एडमिरल...