फिजी के प्रधानमंत्री सिटीवेनी राबुका ने कहा कि उनका देश भारत के साथ अपने रिश्तों को और मजबूत करेगा। उन्होंने यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैदराबाद हाउस में हुई बैठक के बाद कही।राबुका ने एक संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान पीएम मोदी को “महान नेता” बताया और फिजी की अर्थव्यवस्था के विकास में भारतीय समुदाय के योगदान की सराहना की।
राबुका ने बताया कि फिजी में हर साल मई महीने में ‘गिरमिटिया दिवस’ मनाया जाता है। यह परंपरा वहां 1879 से 1916 के बीच आए भारतीय मजदूरों की याद में शुरू की गई। उस दौरान 60,000 से ज्यादा भारतीय मजदूर समझौते के तहत गन्ने के खेतों में काम करने फिजी गए थे। उन्होंने अपनी मेहनत से फिजी की समाज और अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी। राबुका ने कहा कि आज उनके वंशज भी फिजी के विकास, स्थिरता और अर्थव्यवस्था में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि फिजी को भारत के वैश्विक सौर ऊर्जा और औषधि अनुसंधान प्रयासों में शामिल होने का अवसर मिला है। राबुका ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री मोदी की फिजी यात्राओं को याद करते हुए कहा कि भारत के साथ रिश्ते ऐतिहासिक हैं और इन्हें आगे भी संजोकर रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वे फिजी में गरीबी उन्मूलन के लिए वही प्रयास करना चाहते हैं, जो पीएम मोदी ने भारत में किए हैं।
राबुका ने यह भी कहा कि फिजी और भारत के बीच जलवायु और अक्षांश की समानता है, इसलिए जो फसल भारत में उगती है, वह फिजी में भी उग सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत के नवाचार और खोजों से फिजी को लाभ मिलेगा। इससे पहले फिजी के प्रधानमंत्री रविवार को अपनी पहली भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी सुलुएती राबुका, स्वास्थ्य मंत्री राटू एटोनियो लालाबालावु और कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं।-(IANS)


